कटोरिया. कटोरिया थाना क्षेत्र के बड़वासिनी पंचायत अंतर्गत बिजहरा गांव में बीतो यादव के घर सोमवार की देर रात हुई अग्निकांड की घटना में एक झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गया. इस हादसे में झोपड़ी में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. पीड़ित परिवार के अनुसार अग्निकांड में लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजहरा गांव निवासी बीतो यादव के घर में अचानक चिंगारी से आग लग गई. आशंका जताई जा रही है कि चूल्हे की बची चिंगारी या किसी अन्य कारण से आग सुलगी, जो हवा के कारण तेजी से फैल गई. देखते ही देखते आग ने पूरे झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें उठते देख परिजनों ने शोर मचाया. शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टी व पंपसेट की मदद से आग बुझाने में जुटे ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया. लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुका था. घटना में पीड़ित परिवार दाने दाने को मोहताज हो गए हैं. पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जिंदगी बसर करने को मजबूर हैं. घटना की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों व प्रशासन को दी गई है.
बिजहरा गांव में अग्निकांड में झोपड़ी जलकर हुआ राख
बिजहरा गांव में अग्निकांड में झोपड़ी जलकर हुआ राख
