पंजवारा. क्षेत्र में सोमवार की रात आये भीषण आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. इस प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक असर पंजवारा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में चल रहे शिव शक्ति महारुद्र यज्ञ पर पड़ा. देर रात चली तेज हवाओं और बारिश के कारण यज्ञ परिसर में व्यापक नुकसान हुआ. तेज आंधी के चलते यज्ञ के लिए बनाये गये विशाल पंडाल पूरी तरह धराशायी हो गये. हवाओं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मेला परिसर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियों को भी आंशिक क्षति पहुंची. इसके अलावा, मेले में लगे झूले समेत बच्चों के मनोरंजन के साधन और अस्थायी दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ. कई दुकानों के छप्पर उड़ गए और दुकानदारों का सामान बारिश में भींगकर खराब हो गया. यज्ञ समिति के अध्यक्ष हरेकृष्ण बगबै ने बताया कि अचानक आए इस तूफान ने मेले की व्यवस्थाओं को काफी प्रभावित किया है. उन्होंने कहा कि नुकसान के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आयी है. समिति द्वारा युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि आयोजन को सुचारु रूप से जारी रखा जा सके. मेला परिसर में हुए नुकसान को देखकर स्थानीय ग्रामीणों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं में कुछ समय के लिए मायूसी जरूर देखी गई, लेकिन समिति की तत्परता से व्यवस्थाएं तेजी से बहाल की जा रही हैं. आयोजकों को उम्मीद है कि जल्द ही मेला पुनः सामान्य रूप से संचालित होगा.
आंधी-तूफान से शिव शक्ति महारुद्र यज्ञ परिसर में भारी नुकसान, मरम्मत कार्य शुरू
क्षेत्र में सोमवार की रात आये भीषण आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया
