बांका में आज दोपहर में रहेगा लू का कहर, 27 मई तक आंधी-बारिश की संभावना

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 8:43 AM

विज्ञापन

Banka Heatwave Update News : तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. रविवार को बांका इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज कर सकता है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में आंधी और बारिश की भी चेतावनी जारी की है.

विज्ञापन

बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट : बांका जिले में गर्मी अब लोगों की सहनशक्ति की परीक्षा लेने लगी है. शनिवार को दिनभर चिलचिलाती धूप और उमस से लोग बेहाल दिखे. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को तापमान में एक डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे यह अब तक का सबसे गर्म दिन साबित हो सकता है. जिले में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. दोपहर के समय लू चलने की आशंका जताई गयी है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

दोपहर में बाहर निकलना पड़ सकता है भारी

भीषण गर्मी और तपती हवाओं का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है. दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. चिकित्सकों के मुताबिक तेज धूप और उमस के कारण डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ी है. अस्पतालों में चक्कर आना, कमजोरी और शरीर में पानी की कमी जैसी शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्का भोजन करने और दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है.

27 मई तक बदल सकता है मौसम का मिजाज

बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 27 मई के बीच दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है. अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन इसके बाद गरज-चमक के साथ तेज आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गयी है.मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. सुबह में नमी का स्तर 70 से 75 प्रतिशत तक रह सकता है, जबकि दोपहर में यह घटकर 20 से 25 प्रतिशत हो जाएगा.

किसानों और आम लोगों के लिए अलर्ट

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को खेतों में रखे अनाज और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है. तेज आंधी और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है. वहीं आम लोगों से अपील की गयी है कि वे गर्मी के दौरान सावधानी बरतें और मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखें.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन