बौंसी. प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ हर्ष पराशर के कार्यालय में गुरुवार को बैंकर्स समिति की समीक्षा बैठक की गयी. इसकी अध्यक्षता एलडीएम रंजय कुमार ने की. बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान एलडीएम ने विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाय. उन्होंने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के ऋण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा आजीविका से जुड़ी बैंकिंग सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाय. उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर पर बैंक और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है. बैठक के अंत में सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, नियमित रूप से बैंकिंग शिविर लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने व प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिये गये. मौके पर मुख्य रूप से नाबार्ड के अभिषेक आलोक, आरसेटी डायरेक्टर राकेश कुमार, यूको बैंक बौंसी के शाखा प्रबंधक अभिजीत कश्यप सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
बैंकर्स समिति की बैठक, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर जोर
प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ हर्ष पराशर के कार्यालय में गुरुवार को बैंकर्स समिति की समीक्षा बैठक की गयी
