जनसेवा को लेकर प्रशासन सक्रिय, धोरैया की कुर्मा पंचायत में शिविर लगा सुनी गयीं लोगों की समस्याएं

Dhoraiya Jan Kalyan Camp : सरकारी योजनाओं का लाभ अब लोगों तक सीधे पहुंचाने की पहल शुरू हो गई है. धोरैया प्रखंड के कुर्मा पंचायत स्थित डेरू विवाह भवन में आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर में एक ही छत के नीचे 17 महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया गया.

धोरैया (बांका) से प्रदीप कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत कुर्मा पंचायत के डेरू विवाह भवन में मंगलवार को बिहार सरकार के जन कल्याण अभियान के तहत प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में आम लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया. विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी में लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई.

लगाये गये अलग-अलग काउंटर

शिविर में आम लोगों को सरकार की 17 महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ देने की व्यवस्था की गई थी. प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित केंद्र और राज्य सरकार की कई प्रमुख योजनाओं को इसमें शामिल किया गया है. प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां लाभुकों को जानकारी देने और आवेदन संबंधी सहायता उपलब्ध कराई गई.

हेल्प डेस्क व नोडल अधिकारियों की रही तैनाती

शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई थी. साथ ही प्रत्येक योजना की निगरानी और संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. अधिकारियों ने लाभुकों को योजनाओं से जुड़ी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी. इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिली.

मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य जांच की भी सुविधा

जन कल्याण शिविर के दौरान मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया. यहां लोगों के रक्तचाप की जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई. स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जागरूक किया. मेडिकल कैंप में ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली.

आवश्यक दस्तावेज के साथ पहुंचे लाभुक

शिविर में योजनाओं का लाभ प्राप्त करने और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए लाभुकों से जॉब कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे आवश्यक दस्तावेज लाने को कहा गया था. अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया गया. साथ ही लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया.

अधिकारियों की मौजूदगी में सफल रहा आयोजन

शिविर में बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, अंचलाधिकारी श्रीनिवास कुमार सिंह, राजस्व अधिकारी काजल कुमारी, एमओ मदन मोहन सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. अधिकारियों ने लोगों को सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar sinh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >