बांका. जिले में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता रहेगा. 10 सितंबर को करीब 30 मिलीमीटर बारिश का अनुमान है. वहीं 11 और 12 सितंबर को 10-10 मिलीमीटर तथा 13 सितंबर को करीब 20 मिलीमीटर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी और वज्रपात की चेतावनी भी दी है.
आज घने बादलों के साथ बारिश की संभावना
बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा व भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को आसमान में घने बादल छाए रहेंगे. जिले के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज सतही हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है.
13 सितंबर को भी आंधी-बारिश का अनुमान
पूर्वानुमान के अनुसार 13 सितंबर को भी आंधी और बिजली के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम में बदलाव के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खासकर आंधी और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचने को कहा गया है.
33 डिग्री तक पहुंच सकता है अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमान अवधि में जिले का अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 50 से 60 प्रतिशत तक रह सकती है.
दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेगी हवा
इस दौरान दक्षिण-पूर्व दिशा से 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. बारिश और तेज हवा के कारण मौसम में उमस और गर्मी के बीच राहत का अनुभव हो सकता है.
किसानों को कृषि कार्यों में सावधानी की सलाह
मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवा को देखते हुए किसानों को कृषि कार्यों में सावधानी बरतने की सलाह दी है. वहीं आंधी और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास नहीं रहने की अपील की गई है.
