डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर खूनी संघर्ष, युवक को लाठी-डंडों से पीटा

बांका के अमरपुर में बारात के दौरान डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया. जख्मी युवक का इलाज रेफरल अस्पताल में चल रहा है और उसने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है.

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट: अमरपुर थाना क्षेत्र के पवई गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस घटना में एक युवक को लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. घायल युवक की पहचान पवई गांव निवासी अंदेश मंडल के रूप में हुई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल अमरपुर में भर्ती कराया गया.

विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला

अस्पताल में उपचाराधीन अंदेश मंडल ने बताया कि गुरुवार को गांव के ही उपेंद्र दास के पुत्र की बारात जा रही थी, जिसमें डीजे बज रहा था. इसी दौरान गांव के राहुल कुमार, रमण दास और अन्य लोगों ने डीजे पर जबरन अपनी पसंद का गाना बजाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. जब अंदेश ने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने उग्र होकर लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया.

थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी

घटना के बाद परिजनों ने घायल को अस्पताल पहुँचाया जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया. पीड़ित युवक ने बताया कि वह इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ अमरपुर थाने में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग करेगा. फिलहाल पुलिस को लिखित शिकायत मिलने का इंतजार है जिसके बाद मामले की जांच शुरू की जाएगी. इस घटना से शादी वाले घर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >