अमरपुर में महिला से मोबाइल झपटकर बाइक सवार बदमाश फरार
Banka News : रात के समय सड़क पर बातचीत करते हुए चल रही एक महिला के साथ झपटमारी की ऐसी घटना हुई कि पल भर में उसका मोबाइल छिन गया और बदमाश बाइक से फरार हो गए.
अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के अमरपुर-शाहकुंड मुख्य पथ पर प्रखंड मुख्यालय गेट के समीप सोमवार रात एक महिला से मोबाइल छिनतई की घटना सामने आई है. झपटमार गिरोह के दो बदमाशों ने महिला का मोबाइल छीनकर फरार हो गए. पीड़िता ने थाने में आवेदन देने की बात कही है.
अस्पताल से लौटते समय हुई घटना
कामदेवपुर गांव निवासी प्रफुल कुमार की पत्नी रंजु देवी ने बताया कि वह अपनी पुत्री की डिलीवरी के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल आई थीं. सोमवार रात वह अस्पताल के पास प्राइवेट क्लिनिक में सलाह-मशवरा करने गई थीं और वहां से लौट रही थीं.
फोन पर बात करते समय हुई झपटमारी
पीड़िता के अनुसार जब वह फोन पर बात करते हुए पैदल रेफरल अस्पताल की ओर जा रही थीं, तभी प्रखंड मुख्यालय गेट के पास पीछे से सफेद अपाचे बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे. उनमें से एक ने अचानक उनके हाथ से एमआई कंपनी का मोबाइल छीन लिया.
अमरपुर बाजार की ओर फरार हुए बदमाश
मोबाइल छिनते ही दोनों बदमाश तेजी से बाइक लेकर अमरपुर बाजार की दिशा में फरार हो गए. घटना इतनी अचानक हुई कि महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे.
शोर मचाने के बावजूद नहीं पकड़े गये आरोपित
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने जोर-जोर से शोर भी मचाया, लेकिन भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर झपटमार आसानी से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोग भी कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे.
थाने में आवेदन देने की तैयारी
घटना के बाद पीड़ित महिला ने बताया कि वह इस मामले को लेकर अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देंगी और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग करेंगी.
इलाके में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही छिनतई और झपटमारी की घटनाओं से इलाके में लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.