बांका में 40 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान, गर्मी से बेहाल लोग, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

Banka Weather Alert: बांका में गर्मी अब और तीखी होने वाली है. एक ही दिन में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने तेज आंधी, बिजली और भीषण गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.बांका में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने 9 जून तक येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, बिजली और हल्की बारिश की संभावना जताई है.

बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट.

Banka Weather Alert: बांका जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. कभी हल्की बारिश राहत दे रही है तो कभी उमस और तेज धूप लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं. सोमवार को जिले में तापमान में अचानक 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है.

एक दिन में 4 डिग्री बढ़ा तापमान

रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तापमान में अचानक आई इस बढ़ोतरी का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है.

दिन चढ़ने के साथ सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई. दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ कम नजर आई. उमस भरी गर्मी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है.

बांका के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 9 जून तक बांका जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले के विभिन्न इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है.

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है.

अगले तीन दिनों में आंधी और हल्की बारिश के आसार

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 10 जून तक जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है.

इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह के समय वातावरण में नमी 70 से 75 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है, जबकि दोपहर में यह घटकर 20 से 25 प्रतिशत रह सकती है.

किसानों और आम लोगों को सावधानी की सलाह

मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी है. वहीं आम लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है.

Also Read: “पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जबरन लिया गया इस्तीफा”, पूर्व सांसद आनंद मोहन का बड़ा बयान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >