फरार अपराधियों पर बांका पुलिस का बड़ा एक्शन, 12 आरोपितों के घर हुई कुर्की-जब्ती

Banka Police Action : कानून से बचकर भाग रहे अपराधियों पर बांका पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 12 फरार आरोपितों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले में फरार अपराधियों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 12 आरोपितों के घरों पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की. पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया. अभियान का उद्देश्य न्यायालय से जारी वारंट, इश्तेहार और कुर्की आदेशों का निष्पादन सुनिश्चित करना तथा फरार अभियुक्तों को आत्मसमर्पण या कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के लिए बाध्य करना है. कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आरोपितों के परिजनों को भी न्यायालय के आदेशों की जानकारी दी.

जिलेभर में चला विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक तथा संबंधित थानाध्यक्षों की निगरानी में यह अभियान चलाया गया. पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पहुंचकर न्यायालय के आदेश के तहत कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को अंजाम दिया.

सबसे अधिक कार्रवाई धोरैया थाना क्षेत्र में

विशेष अभियान के दौरान धोरैया थाना क्षेत्र में सबसे अधिक सात फरार आरोपितों के घरों पर कुर्की-जब्ती की गई. वहीं अमरपुर थाना क्षेत्र में दो, बांका थाना क्षेत्र में एक, बाराहाट थाना क्षेत्र में एक तथा आनंदपुर थाना क्षेत्र में एक मामले में कार्रवाई की गई. इस प्रकार जिलेभर में कुल 12 फरार आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई संपन्न हुई.

गिरफ्तारी और आत्मसमर्पण के लिए बढ़ाया दबाव

कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, आत्मसमर्पण, जमानत अथवा रिकॉल दाखिल करने की कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित कराने की दिशा में भी पहल की. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से फरार अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और वे कानून के समक्ष उपस्थित होने को मजबूर होंगे.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और न्यायालयीय आदेशों के अनुपालन को लेकर पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है. न्यायालय से निर्गत वारंट, इश्तेहार और कुर्की आदेशों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >