चांदन (बांका) से अमरेंद्र पांडेय की रिपोर्ट : बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. देवघर-चांदन मुख्य मार्ग पर पांडेयडीह जंगल के समीप वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से लगभग 55.35 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की. इस दौरान एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया, जो समस्तीपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है.
गुप्त सूचना पर चलाया गया चेकिंग अभियान
जानकारी के अनुसार पुलिस को अवैध शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद चांदन थाना पुलिस ने पांडेयडीह जंगल के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान देवघर की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पिओ को रोककर तलाशी ली गई.
स्कॉर्पियो से बरामद हुई शराब की खेप
तलाशी के दौरान वाहन से करीब 55.35 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है, जो समस्तीपुर जिला के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत दवोईपट्टी गांव का रहने वाला बताया गया है.पुलिस टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में श्रीकांत भारती और पुलिस अवर निरीक्षक चंद्रधारी झा दल-बल के साथ मौजूद थे. पुलिस ने जब्त शराब और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है.
