बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट
Banka Double Murder Case : बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में 5 जुलाई को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर मुख्य आरोपी सोमनाथ सिंह उर्फ सोम कुमार सिंह को बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है.
72 घंटे में पुलिस ने सुलझाई डबल मर्डर की गुत्थी
पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि एसडीपीओ अमर कुमार विश्वास के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन, मानवीय सूचना और लगातार छापेमारी के जरिए इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया. मुख्य आरोपी सोमनाथ सिंह उर्फ सोम कुमार सिंह, जो अमरपुर थाना क्षेत्र के अठमाहा गांव का निवासी है, उसे बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया.
एसपी ने बताया कि घटना के दौरान सह-आरोपी सचिन सिंह की गोली गलती से सोमनाथ सिंह की कमर में भी लगी थी. घायल आरोपी फिलहाल इलाजरत है.
5 जुलाई को दिनदहाड़े हुई थी दोहरी हत्या
5 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे बलिया-पड़तल्लो मार्ग पर बाइक से जा रहे धर्मराय गांव निवासी गुंजन कुमार सिंह (34) और सिट्टू कुमार (33) की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी.
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. मृतक सिट्टू कुमार की बहन बीणा देवी के फर्दबयान पर अमरपुर थाना कांड संख्या 393/26 दर्ज किया गया. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
पूछताछ में कबूली पुरानी रंजिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुरानी दुश्मनी के कारण हत्या की बात स्वीकार की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों मृतकों के साथ आरोपियों का पहले से विवाद चल रहा था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले घटनास्थल पर शराब का सेवन किया गया था और इसके बाद सुनियोजित तरीके से दोनों युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोमनाथ सिंह और फरार आरोपी सचिन सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2022 में दोनों के खिलाफ अमरपुर थाना में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था. इसके अलावा वर्ष 2024 में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत भी इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
एसपी बोले- अपराधियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने कहा कि जिले में गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
