बांका. डीडीसी उपेंद्र सिंह ने कला एवं संस्कृति विभाग बांका के तत्वावधान में मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के अंतर्गत जिले के चयनित पेंशनधारी कलाकारों को अंग वस्त्र व सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया. सम्मान पाने वालों में कलाकार अश्विनी कुमार सिंह, राघवेंद्र सिंह, अशोक कुमार व मुन्ना लाल शर्मा शामिल है. मालूम हो कि उक्त कलाकारों ने अपने जीवन का लंबा समय संगीत एवं कला की विभिन्न विधाओं को समर्पित कर समाज व संस्कृति को समृद्ध किया है. कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि यह पेंशन योजना कलाकारों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है. कलाकार हमारी सांस्कृतिक धरोहर के संवाहक हैं, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कला और संस्कृति को जीवंत रखा है. उन्होंने बताया कि जिले के शेष पात्र कलाकारों को भी योजना से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि कोई भी योग्य कलाकार सम्मान व सहायता से वंचित नहीं रहें. मौके पर जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी साक्षी कुमारी आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
