कई मामलों की जांच कर रही पुलिस

बांका : हाईप्रोफाइल पूर्व विधायक मामले में जिला प्रशासन पूरी नजर रख रहा है. एक ओर संजय यादव की आपराधिक पृष्ठभूमि को खंगाला जा रहा है तो दूसरी ओर उनकी संपत्ति की जांच भी शुूरू कर दी गयी है. जिला प्रशासन संजय यादव के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों की कुंडली भी खंगाल रहा है. विधायक बनने […]

बांका : हाईप्रोफाइल पूर्व विधायक मामले में जिला प्रशासन पूरी नजर रख रहा है. एक ओर संजय यादव की आपराधिक पृष्ठभूमि को खंगाला जा रहा है तो दूसरी ओर उनकी संपत्ति की जांच भी शुूरू कर दी गयी है. जिला प्रशासन संजय यादव के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों की कुंडली भी खंगाल रहा है. विधायक बनने के पूर्व एवं बाद की संपत्ति सहित दर्ज प्राथमिकी की जांच हो रही है. इसके अलावा हथियार के लाइसेंस मामले की जांच भी शुरू कर दी गयी है.

संजय यादव के नाम रिवाल्वर व राइफल उनकी पत्नी कल्पना देवी के नाम पिस्टल व राइफल पिता चंद्रशेखर यादव के नाम राइफल, भाई दिलीप यादव के नाम राइफल व रिवाल्वर एवं भाई वकील यादव के नाम राइफल और पिस्टल का लाइसेंस जिला प्रशासन के द्वारा निर्गत किया गया है. हाल के दिनों में डीआइजी के निर्देश पर पूर्व विधायक पर हुए रंगदारी व मारपीट की प्राथमिकी के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया है. जिला प्रशासन उनके व उनके रिश्तेदारों के नाम जारी हथियार के लाइसेंस को जब्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है. जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों मामले में कार्रवाई की जायेगी.

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई : डीएम
पूर्व विधायक व उनके रिश्तेदारों की आपराधिक छवि की रिपोर्ट एसपी से मांगी गयी है. रिपोर्ट आने के बाद जारी लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया अपनायी जायेगी. एसपी के द्वारा पूर्व विधायक की संपत्ति का ब्योरा के लिए आवेदन दिया गया है.
डॉ निलेश देवरे, डीएम, बांका
विशेष टीम कर रही है छापेमारी : एसपी
गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम को कड़ा निर्देश दिया गया है. टीम के द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. छापेमारी के इस टीम को सभी तकनीकी सुविधा मुहैया करा दी गयी है. किसी भी पल पूर्व विधायक की गिरफ्तारी हो सकती है. पूर्व विधायक व उनके रिश्तेदार की आपराधिक छवि की जांच के बाद जारी लाइसेंस को रद्द करने के लिए डीएम को लिखा जायेगा.
राजीव रंजन, एसपी, बांका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >