कटोरिया : आनंदपुर ओपी क्षेत्र के असुढा गांव में आंधी के दौरान युवक मो निसार अंसारी (28वर्ष) पिता मो नाजिर मियां की मौत हो जाने से जहां एक ओर उसके परिजन गहरे सद्मे में हैं. वहीं दूसरी ओर समूचा असुढा गांव गम व शोक में डूबा हुआ है. ज्ञात हो कि तेज आंधी व रिमझिम बारिश के दौरान घर के सामने टिकोला चुनने के दौरान ही बगल के सेमल के पेड़ की एक भारी-भरकम डाली टूट कर युवक के सिर पर गिर गयी. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
घटना की सूचना के बाद आनंदपुर ओपीध्यक्ष धीरेंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेजा. इधर घटना को लेकर मृतक की पत्नी अफसाना बीबी, पुत्र मो असरफ (3वर्ष) व मो अरबाज (2वर्ष), पिता मो नाजिर मियां, भाई मो इरशाद, मो दिलशाद, मो जिबरेल, मो अबराज आदि का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिवार ने चांदन अंचलाधिकारी से प्राकृतिक आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है.
