भागलपुर से धनबाद जा रही पिकअप वैन पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
कटोरिया : कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर आरपत्थर मोड़ पर बुधवार की सुबह भागलपुर से धनबाद जा रही पिकअप वैन पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस दुर्घटना में वैन के चालक सह मालिक अजीत कुमार रजक (26वर्ष) पिता स्व लक्ष्मण रजक ग्राम कुमारडुब्बी थाना चिरकुंडा जिला धनबाद बुरी तरह से जख्मी हो गये. जख्मी वाहन मालिक को प्राथमिक उपचार हेतु रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सक डा दीपक भगत ने उसका प्राथमिक उपचार किया.
दुर्घटना के संबंध में जख्मी चालक सह मालिक अजीत रजक ने बताया कि वह भागलपुर में मछली अनलोड कर वापस धनबाद लौट रहा था. आरपत्थर मोड़ के निकट तेज गति में ही अचानक गाड़ी की स्टीयरिंग फेल हो गयी. जिससे पिकअप वैन असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का चेचिस तक बैंड हो गया.
जमुआ मोड़ में बस से गिरा यात्री, रेफर. कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग पर जमुआ मोड़ के निकट बुधवार की सुबह बस की छत से गिर कर एक यात्री बुरी तरह से जख्मी हो गया. जख्मी यात्री को देवघर जा रही उसी बस द्वारा चांदन पीएचसी में भर्ती कराया गया. जख्मी यात्री की पहचान कोरिया पंचायत के घोंघाडाबर गांव के भुवनेश्वर यादव के पुत्र बाबूलाल यादव के रूप में हुई. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज हेतु देवघर रेफर कर दिया. इधर बाबूलाल यादव के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सुन कर उसकी पत्नी भी चांदन अस्पताल आने के क्रम में बाइक से गिर कर घायल हो गयी.
