बिट्टू की हत्या के बाद गांव में मातमी सन्नाटा
बौंसी: गोलहट्टी गांव में मनोज चौधरी के पुत्र श्याम किशोर चौधरी उर्फ बिट्टू को जिंदा जलाकर मार देने की घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. गांव की गलियां सुनी हो गयी है और हर कोई बस यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर इतना आक्रोश क्यों पनपा जो एक होनहार युवक ही […]
बौंसी: गोलहट्टी गांव में मनोज चौधरी के पुत्र श्याम किशोर चौधरी उर्फ बिट्टू को जिंदा जलाकर मार देने की घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. गांव की गलियां सुनी हो गयी है और हर कोई बस यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर इतना आक्रोश क्यों पनपा जो एक होनहार युवक ही हत्या कर डाली गयी. मृतक मनोज चौधरी का दूसरा बेटा था जो पटना में रहकर पढ़ाई कर रहा था. कुछ दिन पूर्व ही गांव आया था और अपने सगे फूफेरे भाई प्रणव कुमार के उपनयन संस्कार में जाने वाला था कि रात में ही उसकी हत्या कर दी गयी. हत्या भी ऐसी की गयी जिससे हर कोई कांप उठा. इस मामले में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है.
लेकिन कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं है. घर में पिता मनोज चौधरी, मां पुतुल कुमारी, भाई प्रणय कुमार सहित अन्य का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है. किसी को कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर उसके पुत्र को क्यों मार डाला गया. उस रात गांव के ही बालकृष्ण झा के घर भोज में सारे लोग आमंत्रित थे. इसी दौरान उनके पुत्र पर प्रशांत कुमार ने चाकू से हमला कर दिया. जिसके बाद रात के करीब दो बजे बिट्टू के मोबाइल किसी ने फोन किया.
जिसके बाद पिता के पूछने पर उसने बताया कि मुन्ना झा, निशिकांत झा ने मारपीट की घटना में मेल मिलाप करने बुलाया है. लेकिन दो घंटे बाद जब उनका पुत्र लौटा तो वह पूरी तरह से जला हुआ था और उसने कहा कि मेरा शरीर जल रहा है. साथ ही उसने बताया कि जैसे ही मैं मुन्ना झा के घर गया तो वह मुझे मदन झा के घर ले गया. जहां पर पहले से ही मौजूद सभी ने हांथ पैर बांधकर मारपीट करने लगा और मदन झा ने किरासन तेल छिड़ककर जला दिया. रस्सी जब जली तो किसी तरह भाग कर मैं यहां आया हूं. इसके बाद सभी उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गये. जहां उसकी मौत रास्ते में ही भागलपुर जाने के क्रम में हो गयी.
उस दिन घर के सभी सदस्य बासुकीनाथ गये थे. घर में सिर्फ मनोज चौधरी व उनका बेटा बिट्टू ही रह गया था. घर में मृतक की मां पुतुल देवी की आंखे पथरा गयी है. वह बार-बार यही कहकर बेहोश हो रही है कि उसके बेटे को क्यों मारा उसका क्या कसुर था. अब एक मां को सिर्फ इंसाफ चाहिए. वह बार-बार दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रही है. मृतक स्नातक करने के बाद एमए कर रहा था और पटना में रहकर बैंकिंग की तैयारी कर रहा था. इस होनहार पुत्र के खो देने से पूरा परिवार सदमें में है.