मार्च में भी जितेंद्र सिन्हा से मांगी थी लेवी, दर्ज की शिकायत
बेलहर : प्रखंड संसाधन केंद्र केआरपी जितेंद्र सिन्हा से एक बार फिर लेवी मांगी गयी. नहीं देने पर जान मारने की धमकी दी गयी. जानकारी के अनुसार, केआरपी जितेंद्र सिन्हा से मार्च महीने में भी तीन बार फोन कर एक लाख रुपये की मांग की गयी थी. मांगने वाले ने खुद को नक्सली मंटू दा का आदमी बताया था. लेवी नहीं देने पर मारने की धमकी दी गयी थी.
उस समय भी जितेंद्र सिन्हा द्वारा थाना में लिखित आवेदन देकर इसकी शिकायत की गयी थी. इस बार भी जितेंद्र सिन्हा ने धमकी के बाद थाना में एक लिखित आवेदन देकर शिकायत की है. साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी, शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला के वरीय पदाधिकारी को भी इसकी जानकारी देते हुए बेलहर से स्थानांतरण करने की मांग की है. उन्होंने बताया है कि बार-बार मिल रही धमकी से काफी परेशानी हो रही है. इससे मैं बेलहर में काम करने में सक्षम नहीं हूं.
