बांका: शहर के लोग खराब सड़कों की वजह से लोग लगातार जाम से परेशान रहते हैं. ऐसे में जाम से बचने के लिए लोग करहरिया होकर गुजरने वाली बाइपास सड़क का इस्तेमाल करते हैं लेकिन अगर बाइपास सड़क के हाल को देखा जाये तो आपको समझ में आ जायेगा कि क्या हालत है. यहां पर सड़कों पर गड्ढे नहीं, बल्कि सड़कों पर तालाब है. साथ ही कीचड़ का जो आलम है. उसमें कई मोटरसाइकिल सवार रोज गिरते हैं.
वाहन चालक को पता ही नहीं चलता है कौन सा गड्ढा कितना गहरा है और उसमें गिर कर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं. यह मार्ग नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7, वार्ड नंबर आठ, वार्ड नंबर 9, वार्ड नंबर 10 से होकर गुजरती है.
इस मार्ग में कई स्थानों पर दो दो वार्ड की सीमा रहने की वजह से वार्ड आयुक्त के द्वारा उसकी मरम्मत नहीं हो पाती है. फिर भी इस मार्ग पर कई ऐसे गड्ढे हैं जिसको वार्ड सदस्य ठीक करा सकते हैं.
कहते हैं विधायक
विधायक रामनारायण मंडल ने कहा कि
सड़कों की मरम्मत के लिए कई बार विभाग को लिखा गया है. उनको विधायक बने अभी आठ से नौ महीने हुए हैं. वह अपने फंड से छोटी-छोटी सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ निर्माण करा रहे हैं. पिछले दिनों शास्त्री चौक से लेकर दुर्गास्थान से होते हुए पंडित टोला तक निर्माण के लिए डुडा के तहत निविदा निकाली गयी थी लेकिन नगर पंचायत व डुडा के बीच कुछ बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद निविदा रद्द हो गयी. उस सड़क के निर्माण के लिए इधर विभाग को फिर से लिखा गया है.
कहते हैं नप के अधिकारी
नगर पंचायत बांका के कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि इस मार्ग की मरम्मत के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं. हालांकि नगर पंचायत के पास उतनी बड़ी राशि नहीं होती है फिर भी खंड खड में सड़कों का निर्माण कराया जायेगा.
