बांका : नगर परिषद बांका चुनाव के लिए जारी विगत एक महीने से प्रचार अभियान रविवार देर शाम तक संपन्न हो गया. अब प्रत्याशी किसी भी माध्यम से चुनाव प्रचार नहीं कर सकते हैं. वहीं नगर परिषद चुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गयी है. आगामी 8 मई को नगर परिषद का चुनाव होना है. मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर 5 बजे शाम तक चलेगा. चुनाव को लेकर 2 चलंत मतदान केंद्र सहित 37 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. चुनाव इवीएम मशीन से होगी. इसके लिए 37 इवीएम मशीन की सिलिंग कार्य भी पूरी कर ली गयी है.
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरे नगर परिषद चुनाव को दो जोनों में विभक्त कर दो सुपर जोनल पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया है. जिसमें एक उप विकास आयुक्त तो दूसरे का भार डीटीओ को दिया गया है. इसके अलावे पांच जोनल दंडाधिकारी एवं 9 ईवीएम सह गश्ती दल दंडाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है. प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन पदाधिकारी के अलावे 3 अन्य चुनावकर्मी पी-1, पी -2 व पी-3 को लगाया गया है. इसके अलावे प्रत्येक बूथ पर अलग से स्टैटिक दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है. चुनाव के दौरान पूरे मतदान प्रक्रिया का बीडीओ ग्राफी करायी जायेगी. साथ ही मतदान केंद्र के एक सौ मीटर के दायरे में किसी भी तरह की मजमा होने पर उन्हें सीधे गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
तीन सौ पुलिस बल चुनाव ड्यूटी में रहेंगे मौजूद
नगर परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने भी अपनी सभी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है. नगर परिषद क्षेत्र में तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था मौजूद रहेगी. सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में सशस्त्र पुलिस बल को तैनात किया गया है. चुनाव में 3 सौ पुलिसकर्मी को ड्यूटी पर लगाया गया है. जिसमें जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल व एसटीएफ भी शामिल हैं. इसके अलावे एसएसबी व सीआरपीएफ के भी जवान पेट्रोलिंग में मौजूद रहेंगे. चुनाव के दिन वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी. इस दिन पुलिस के द्वारा नगर परिषद सीमा क्षेत्र सील रहेगी. एसडीपीओ एसके दास ने बताया है कि पूरे चुनाव के दौरान कड़ी से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. पुलिस की उपद्रवकारियों, अपराधिक चरित्र के लोगों व प्रत्याशियों पर कड़ी नगर रहेगी. चुनाव में बाधा डालने वाले लोगों के विरुद्ध पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी.
राजकीय कन्या मध्य विद्यालय को बनाया गया है वज्रगृह
नगर परिषद चुनाव की मतगणना शहर के राजकीय कन्या म.वि. में होगी. इसी विद्यालय को बज्रगृह भी बनाया गया है. जहां आधे दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरा में लगाये गये हैं. चुनाव में प्रयुक्त होने वाले 37 ईवीएम के अलावे आधे दर्जन से अधिक ईवीएम को सुरक्षित रखा गया है. मतगणना स्थल पर आज से ही किसी के भी प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है. मतगणना स्थल पर 5 टेबुल लगाये गये हैं. प्रत्येक टेबुल पर 3-3 मतगणनाकर्मी को प्रतिनियुक्त किया गया है. जिसमें एक सुपरवाईजर व 2 अन्य मतगणनाकर्मी मौजूद रहेंगे.
देशभक्ति गीत से गली मोहल्ला हुआ गुंजायमान
वहीं इस बार नगर परिषद चुनाव में प्रचार-प्रसार का तौर-तरीका काफी नया-नया लगा. बांका नगर परिषद में पहली बार रिक्शा के माध्यम से प्रचार-प्रसार की नयी शुरुआत की गयी है. मसलन, एक-एक वार्ड क्षेत्र छह से नौ रिक्शा दिन-रात प्रचार करते हुए पाया. अगर इस गली में फलां प्रत्याशी का चुनावी रिक्शा घूम रहा है तो दूसरी गली में दूसरे प्रत्याशी का रिक्शा प्रचार जारी है. रिक्शे पर ही स्पीकर व यंत्र रख दिया गया था, जिसके माध्यम से दिन-रात रिकॉडिंग सीडी बजाये गये. साथ ही रिक्शे पर बड़ा बैनर भी प्रत्याशी का लगा हुआ था. जिसके माध्यम से प्रत्याशी अपने चुनावी निशान पर मतदान की अपील कर रहे थे. वहीं इस बार जनता को रिक्शा प्रचार के बहाने देश भक्ति गाना खूब सुनने को मिला. मेरे देश की धरती सोना उगले से लेकर मेरा रंग दे बसंती चोला तक देश भक्ति गानों का जबरदस्त मुहल्ले में धूम रहा.
विभिन्न दलों की डोर जुड़ी है नगर परिषद चुनाव से
नगर परिषद चुनाव दलीय आधार पर नहीं है. परंतु किसी न किसी रूप से दलों का संबंध चुनाव से बन गया है. कई दल के नेता चुनाव मैदान में प्रत्याशी के तौर पर उतरे हैं, तो कई नेताओं के पारिवारिक सदस्य चुनाव मैदान हैं. जबकि चोरी छुपे पार्टी के कई वरीय नेता अपने समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में वोट जुटाने में लगे हुए हैं. हालांकि कोई इस बाबत बोलने को राजी नहीं है. यहां तक कि जिस जाति का वोट प्रत्याशी को गड़बड़ाने की भनक लगती है, उसके लिए उसी जाति के नेताओं को चुनाव प्रचार में लगा दिया गया है.
चुनाव प्रचार थमते ही जीत की आस में वोट प्रबंधन की जुगत तेज
चुनाव प्रचार थमते ही वोट प्रबंधन की जुगत तेज हो गयी. मध्य रात तक वोट मैनेजिंग का खेल जारी रहा. प्रत्याशी और उनके समर्थक हाथ-पैर धोकर वोट अपने पक्ष में करने की जोड़-तोड़ करते दिखे. यहां तक की सौ-सौ बार एक-एक मतदाता को निवेदन किया गया. यही नहीं वोट खरीद-फरोख्त भी शुरू हो गया है. जानकारी के मुताबिक मतदान के पूर्व संध्या यानी सात मई को पैसे का खेल बड़े पैमाने पर होने की चर्चा है. दूसरी ओर बात करें तो सभी वार्ड क्षेत्र में इस बार कांटे की टक्कर है. किसके पक्ष में नतीजे आएंगे इस पर कहना संभव नहीं है. यहां तक उम्मीद से इतर भी चुनाव परिणाम आने की आशंका है. जिन प्रत्याशी को लग रहा है कि उनकी जीत सुनिश्चित है, हो सकता है कि कोई दूसरा प्रत्याशी जीत जाये.
