फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉयड से जांच की मांग
कटोरिया : तरगच्छा गांव के मूक-बधिर युवक सहादुर यादव (32वर्ष) के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण व परिजन सड़क पर उतर आये. इसमें महिलाओं की संख्या काफी अधिक थी. कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग को राधानगर चौक पर करीब दो घंटे तक जाम रखा. इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. आक्रोशित लोग हत्याकांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड टीम से जांच कराने की मांग कर रहे थे.
सड़क जाम की सूचना के बाद थाना के अवर निरीक्षक उमाप्रकाश सिंह, विजय कुमार सिंह व सअनि सुरेश पंडित दल-बल के साथ राधानगर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. फिर अंचलाधिकारी विमल कुमार घोष व घोरमारा पंचायत के मुखिया नीरज कुमार ने काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझा कर शांत किया. मृतक के छोटे भाई शंभु यादव ने मोचनावरण गांव के तीन लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया.
पुलिस पदाधिकारियों ने तीन दिनों के भीतर नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया. मृतक की पत्नी ने उचित मुआवजा की मांग को लेकर बीडीओ के नाम आवेदन भी दिया. सीओ ने सरकारी प्रावधान के अनुसार हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. मौके पर कैकेयी देवी, रेखा देवी, सुमित्रा देवी, अमरलता देवी, कमली देवी, यशोदा देवी, बुधनी देवी, तेतरी देवी, रामदुलारी देवी, दीपिया देवी, बेबी देवी, कविता देवी, झनकी देवी, नागो यादव, टुनटुन दास, मो जमाल घोरमारा, नीरज यादव, ज्योतिष मंडल, मनीष कुमार, उमेश यादव, शालीग्राम यादव, कामदेव यादव, उमेश यादव, छकोरी यादव, बिरजू यादव आदि मौजूद थे.
कुल्हाड़ी से हुई थी हत्या: घोरमारा पंचायत के तरगच्छा गांव निवासी सहादुर यादव (32वर्ष) की हत्या अपराधियों ने कुल्हाड़ी व धारदार हथियार के प्रहार कर की थी. शव को कटोरिया-बांका रेल लाइन पर बाबूडीह स्थित रेलवे-पुल के समीप ट्रैक पर फेंक दिया था. मृतक टेंट-शामियाना लगाने व जेनरेटर ऑपरेटर का काम करके अपना घर-परिवार चलाता था. उसकी पत्नी सविता देवी ने बताया कि उसे एक पुत्री पूरनी कुमारी (13वर्ष) व पुत्र घनश्याम यादव (8वर्ष) है. अब घर में कमाने वाला कोई सदस्य भी नहीं रहा. सड़क जाम के दौरान विधवा सविता देवी अपने दोनों बच्चों के साथ कड़ी धूप में भी सड़क पर बैठ कर न्याय की गुहार लगाती रही. मृतक सहादुर के पिता देवेंद्र यादव, मां केटकी देवी, भाई बहादुर यादव व शंभु यादव आदि का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो फिर सड़क जाम किया जायेगा.
