मोबाइल एप से रहेगी नजर
बांका : शिक्षा विभाग का भी अब डिजिटलाइजेशन होने जा रहा है. अब विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्रोपस्थिति, एमडीएम में उपस्थिति छात्र छात्राओं की मॉनीटरिंग ऑनलाइन होगी. इसको लेकर विभाग एक एप बिहार स्कूल इजी ट्रैकिंग लाया जा रहा है. इस पर सारी जानकारी अपलोड करने के साथ-साथ वरीय पदाधिकारियों द्वारा उसकी ऑनलाइन मॉनीटरिंग भी की जायेगी. इसको लेकर बीइपी द्वारा 17 मार्च को पटना में बांका जिला सहित अन्य जिले के डीइओ,
डीपीओ, बीइओ, सीआरसीसी व एमआइएस प्रभारी को प्रशिक्षण दिया जायेगा. इसके बाद इस एप के प्रयोग शुरू होने की संभावना है. शिक्षा विभाग द्वारा लाये जा रहे इस एप में छात्रों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, एमडीएम में उपस्थित बच्चों की फोटो सहित अन्य जानकारी उपलब्ध होगी. जिला शिक्षा विभाग के मुताबिक एप पर सारी जानकारी मौजूद होने के साथ-साथ फोटो भी देने की व्यवस्था है.
फोटो के माध्यम से छात्रों व शिक्षकों की उपस्थिति की भी मॉनीटरिंग हो पायेगी. विद्यालयों में नामांकित छात्रों की संख्या, शिक्षकों की संख्या सहित अन्य जानकारी एप पर उपलब्ध होगी. इसकी जानकारी पदाधिकारियों द्वारा लॉगइन कर ली जा सकती है. इसके बाद विद्यालय के निरीक्षण दौरान वास्तविक उपस्थिति व अन्य जानकारी एप पर देंगे.
आने वाले समय में स्कूल से जुड़ी हर गतिविधि की मुख्यालय से ही मॉनीटरिंग की जायेगी. डीइओ अनिल कुमार शर्मा ने बताया है कि बिहार इजी स्कूल ट्रैकिंग के माध्यम से विद्यालय में नामांकित छात्रों की संख्या, उसकी उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति सहित अन्य जानकारी रहेगी. इसके लिए 17 मार्च को पटना में ट्रेनिंग होगी. डीइओ, डीपीओ, बीइओ, सीआरसीसी व एमआइएस प्रभारी ट्रेनिंग में भाग लेंगे.
