निर्देश. सात निश्चय योजना को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
बांका : डीएम कुंदन कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी कार्यालय वेश्म में सोमवार को हुई. डीएम ने सभी प्रखंड प्रभारी पदाधिकारी से निर्माण संबंधित प्रगति रिपोर्ट तलब की. डीएम ने प्रमुख रूप से क्षेत्र में चल रहे शौचालय निर्माण, हर घर-नल का जल व पक्की नाली गली की गहन समीक्षा प्रखंडवार की़ समीक्षा के उपरांत डीएम ने गुणवत्तापूर्ण व निर्धारित मापदंड के अनुसार कार्य कराने से संबंधित कई आवश्यक निर्देश दिये.
उन्होंने कहा कि सात निश्चय योजना में अगर किसी प्रकार के गबन का मामला आता है तो विधिपूर्वक कड़ी व सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने शौचालय निर्माण को लेकर पदाधिकारियों को मजबूती से काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने आमजन को शौचालय निर्माण के प्रति जागरूक बनाने की बात कही. इसके साथ ही डीएम ने दो अक्तूबर 2014 से अबतक हुए शौचालय निर्माण की जांच का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि जिस पंचायत में पूर्ण संख्या में शौचालय का निर्माण हो गया है, वैसे पंचायत का दावा आपत्ति प्रक्रिया पूरी कर लाभुकों को राशि का भुगतान करें. जागरूकता को लेकर उन्होंने नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति पर बल दिया.
शौचालय निर्माण के लिए लोगों को करें जागरूक
ओडीएफ घोषित करने की जिम्मेदारी गठित कम्युनिटी की है. डीएम ने कहा कि ऐसी शिकायत मिल रही है कि एक ही परिवार के चार लोगों को शौचालय निर्माण की राशि दी गयी है, इसकी जांच कर रिपोर्ट देने को कहा. डीएम ने कहा कि चयन करें कि किस गांव व क्षेत्र में अधिक जागरूकता लाने की जरूरत है, उसी हिसाब से अपना मजबूत रणनीति बनाएं. डीएम ने डीडीसी को आइसी कंपोनेंट मद की राशि की विवरणी स्पष्ट करने को कहा. साथ ही उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान बांका उन्नयन की जानकारी आमजन व छात्र-छात्राओं को देने को कहा. इस मौके पर डीडीसी प्रदीप कुमार, डीसीएलआर संजय कुमार, डीपीआरओ दिलीप सरकार सहित अन्य विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद थे.
रिश्वत मांगनेवाले आवास सहायक पर होगी कार्रवाई
डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण के बदले रिश्वत की मांग करने वाले आवास सहायक पर सख्ती से कार्रवाई की बात कही. उन्होंने कहा कि लगातार ऐसी शिकायत मिल रही है. यह बेहद गंभीर व चिंता का विषय है. उन्होंने संबंधित अधिकारी के साथ सभी वरीय पदाधिकारी को जांच का निर्देश दिया. साथ ही जांच में दोषी पाये जाने वाले सहायक पर अविलंब कार्रवाई का निर्देश दिया. कहा इस संदर्भ में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
निर्माण कार्य के बिना खर्च हो रही सात निश्चय की राशि
सात निश्चय योजना में डीएम को यह भी शिकायत मिल रही है कि कई क्षेत्र में बिना काम किए ही राशि खर्च कर दी जा रही है. डीएम ने बैठक के दौरान शीघ्र जांच कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया. कहा कि यह मामला गबन का बनता है. इसलिए प्राथमिकी दर्ज कर राशि वसूली की कार्रवाई ऐसे लोगों पर सुनिश्चित की जाये. इसके साथ ही उन्होंने मनरेगा कार्य के जांच का भी निर्देश दिया.
अगले सप्ताह तक बंद खातों का प्रमाणपत्र जमा करने का निर्देश
समीक्षा के दौरान डीएम ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि अपने-अपने प्रखंड में संधारित बैंक खातों की जांच सुनिश्चित करें जो खाता बंद हो गया है उसकी भी जांच की जाये. जांच के उपरांत अगले सप्ताह के अंदर प्रमाणपत्र जमा करने का निर्देश दिया. सात निश्चय योजनाओं के खातों का व्यूह राइट तथा मोबाइल का 15 दिनों के अंदर अपने स्तर से जांच करना सुनिश्चित करने की बात कही. इसके लिए संबंधित बीडीओ को बैंक से स्टेटमेंट प्राप्त करने का निर्देश दिया.
