कटोरिया बाजार के देवघर रोड में दादी बगीचा के पास की घटना
मैजिक चालक समेत सात यात्री बुरी तरह से घायल
कटोरिया : कटोरिया बाजार के देवघर रोड में दादी बगीचा के पास सोमवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस जीप व टाटा मैजिक गाड़ी पर पीपल पेड़ का बड़ा भाग गिर गया. हादसे में टाटा मैजिक गाड़ी पर सवार सात यात्री बुरी तरह से जख्मी हो गये. गाड़ी के चालक मुकेश सिंह (25) पिता सीताराम सिंह ग्राम गढ़ना की हालत गंभीर है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिये देवघर ले जाया गया है. अन्य छह यात्रियों का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल में कराया गया. गाड़ी में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में एक साहसी युवक जितेंद्र तिवारी ग्राम राजबाड़ा भी जख्मी हो गया. सभी लोग कठौन पंचायत के गढ़ना गांव में अनिल सिंह की पोती की शादी समारोह में भाग लेकर वापस लौट रहे थे.
टाटा मैजिक के यात्री हुए हताहत
मैजिक गाड़ी पर सवार जो लोग हादसे का शिकार हुए, उनमें मुंगेर जिला के धरहरा गांव के राजेश सिंह की पुत्री लक्ष्मी कुमारी (14), स्व उग्रनारायण सिंह की पत्नी लगनी देवी (70), जसीडीह थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी बसंत सिंह के पुत्र राकेश सिंह (26), बेलहर थाना क्षेत्र के बेलडीहा गांव निवासी कन्हैया सिंह की पत्नी सुशीला देवी (60), पुरूषोत्तम सिंह के पुत्र महेश सिंह (48) व बौंसी थाना क्षेत्र के सांघा-घुठिया गांव निवासी मोजिम शेख की पुत्री शबनम कुमारी (17) शामिल हैं. ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को रेफरल अस्पताल में भरती कराया गया, जहां चिकित्सक डाॅ एसडी मंडल व डाॅ रवींद्र कुमार द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया. हादसे के शिकार सभी लोग गढ़ना गांव से कटोरिया बाजार आ रहे थे.
