कटोरिया : कटोरिया थाना क्षेत्र के कठौन पंचायत अंतर्गत गढ़ना गांव में शनिवार की देर रात्रि भागलपुर के एक युवक को उसकी बहन के ससुराल वालों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया. जख्मी मो युसुफ (18 वर्ष) पिता मो जमील ग्राम गन्नीचक थाना मोजाहिदपुर (भागलपुर) को ग्रामीणों के सहयोग से रेफरल अस्पताल में भरती कराया गया. जहां डा एसडी मंडल ने उसका प्राथमिक उपचार किया. घटना के संबंध में जख्मी मो युसुफ ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
जिसमें उसने बहन के ससुर आलम खान, देवर अमन खान उर्फ छोटू, चचेरा ससुर तोहित खान, चचेरा भाई शेरू खान व मो कलाम खान उर्फ गोल्टू टेलर को अभियुक्त बनाया है. दर्ज प्राथमिकी में मो युसुफ ने बताया है कि वह चार साथियों के साथ अपनी बहन नूरजहां को ससुराल पहुंचाने गढ़ना गांव आया था. रात्रि में घर के बाहर ही ऑटो पर सोये थे. तभी पांच-सात आदमी वहां पहुंचे और रॉड व लाठी से मारपीट कर घायल कर दिया. चिल्लाने की आवाज सुन कर बहन नूरजहां व बहनोई अकबर खान बाहर निकले, लेकिन तब तक सभी भाग चुके थे. घटना का कारण बहनोई व उसके पिता के बीच जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
