श्रावणी मेला. विधायक ने की कांवरिया धर्मशाला न्यास परिषद की बैठक
विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम ने कहा कांवरियों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं.
कटोरिया : श्रावणी मेला में देश-विदेश से पहुंचने वाले कांवरियों को सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया करायी जायेगी. राज्य सरकार व जिला प्रशासन श्रावणी मेला को लेकर गंभीर है. उक्त बातें गुरुवार को कटोरिया की राजद विधायक सह कांवरिया धर्मशाला न्यास परिषद की अध्यक्ष स्वीटी सीमा हेंब्रम ने धर्मशाला परिसर में आयोजित बैठक में कही. उन्होंने कहा कि कांवरिया पथ को सुगम बनाने के साथ-साथ रास्ते के सभी सरकारी धर्मशालाओं में ठहराव, पेयजल, शौचालय, स्नानागार, बिजली, स्वास्थ्य, सुरक्षा आदि के व्यापक इंतजाम किये जायेंगे. पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार मेला में विधि व्यवस्था व सभी इंतजाम और बेहतर होगा.
विधायक ने कहा कि कटोरिया विधानसभा क्षेत्र की सभी जनता के लिए पेयजल, बिजली, सड़क आदि सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए वे तत्पर हैं. कटोरिया विधानसभा के ढांचा को बदलने का प्रयास किया जा रहा है. इसमें हर संभव सहयोग के लिए सांसद जयप्रकाश नारायण यादव भी बधाई के पात्र हैं. उन्होंने कहा कि सांसद पर विरोधियों द्वारा जो भी आरोप लगाये जा रहे हैं, वे सभी बेबुनियाद हैं. सांसद द्वारा किया गया काम बोलता है. जो सभी जनता को दिख भी रहा है. बैठक में कांवरिया धर्मशाला की मरम्मत, रखरखाव, साफ-सफाई, रंग-रोगन, कूड़ेदान, पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था को ससमय दुरूस्त करने का प्रस्ताव लिया गया. कमेटी के सभी सदस्यों के बीच समान रूप से कार्यों का बंटवारा भी किया गया. साथ ही पिछले वर्ष के मेला में सुचारू व्यवस्था के लिए विधायक ने कमेटी के लोगों, प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी. मौके पर कांवरिया धर्मशाला न्यास परिषद के अध्यक्ष सह विधायक के अलावा उपाध्यक्ष सह सीओ विजय कुमार गुप्ता, सचिव मुकेश कुमार, सदस्य अवर निरीक्षक पवन कुमार सिंह, उमाप्रकाश सिंह, त्रिभुवन कुमार उर्फ टुनटुन यादव, अशोक यादव, योगेंद्र यादव, हुलाश यादव, भोला यादव, नरेश तांती, शालीग्राम यादव, हबीब अंसारी, गुलाम सरवर, कांग्रेस यादव, विनय पांडेय आदि मौजूद थे.
