दुमका जिले के सरैया हाट में पुिलस ने किया गिरफ्तार
बेलहर थाने में कई मामलों में है प्राथमिकी दर्ज
बेलहर : थाना क्षेत्र का शातिर अपराधी दशरथ पंडित उर्फ बंगटा को बेलहर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर झारखंड के सरैया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार 10 से 15 वर्ष पूर्व इसके आतंक से क्षेत्र के लोग काफी भयभीत रहते थे. यह बेलहर एवं कटोरिया-सुईया थाना क्षेत्र में लूट, डकैती, हत्या एवं आर्म्स एक्ट के कई मामले में नामजद अभियुक्त है. इसके पूर्व यह कई बार जेल भी जा चुका है. अपराधी दशरथ बेलहर थाना क्षेत्र के बारा गांव का स्थायी निवासी है, जो वर्तमान में अपने साढ़ू के घर सरैया क्षेत्र के मधुडिंडा गांव में छिप कर व नाम बदल कर रह रहा था. पिछले दिन इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर गांव में एक व्यक्ति से विवाद हुआ था.
उसने उस व्यक्ति की मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली थी. इसकी खबर जब थाना पुलिस को हुई तो उसे मधुडिंडा गांव के समीप से धर दबोचा गया. पुलिस के समक्ष उसने बेलहर थाने में आपराधिक कांडों में शामिल होने की बात का खुलासा किया. बेलहर थाना केस कांड संख्या 155/92, 196/93, 83/93, 45/96 में अभियुक्त है. जिसमें गांव के ही डीलर जयप्रकाश यादव की हत्या के साथ लूट, डकैती का क्षेत्र में मास्टरमाइंड माना जाता था. दशरथ की गिरफ्तारी बेलहर के पुअनि जगनारायण राय ने सरैया थाना पुलिस की मदद से की.
