बौंसी : प्रखंड क्षेत्र के 16 पंचायतों में स्वीकृत दस राजस्व कर्मी की जगह 5 राजस्व कर्मी से ही कार्य चल रहा है. इस वजह से आम लोगों को परेशानी हो रही है. कर्मियों की संख्या कम होने से कार्य भी विलंब से हो रहा है. बता दें कि पांच कर्मियों में भी एक नियोजित, जबकि 4 स्थायी हैं. राजस्व कर्मी कल्याण मित्रा को दलिया पंचायत का कुछ भाग बगडुंबा और कसबा मंदार सौंपा गया है. वहीं अखिलेश्वर प्रसाद यादव को सिकंदरपुर, सरुआ, गोकुला और सांगा पंचायत का दायित्व है.
चंद्रशेखर सिंह के पास असनाहा, फागा, चिलकारा और सांपडहर पंचायत है, संजय कुमार चौधरी के जिम्मे कुड़रो, बभनगांवा और अंगारु जबड़ा पंचायत है. नरेश साह के पास दलिया के कुछ भाग के अलावा डहुआ और कैरी पंचायत का दायित्व है. मैन पावर की कमी से जूझ रहा बौंसी अंचल प्रतिदिन परेशानियों से घिरा रहता है. इसके अलावा संसाधन का भी अभाव है. एक अमीन है जो दो प्रखंडों के प्रभार में है, जो सप्ताह में मात्र दो ही दिन कार्य करते हैं. ऐसे में लोगों को अपने कार्य के लिए परेशान होना पड़ता है.
