औरंगाबाद में दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत

दोस्त का बर्थडे मनाने के लिए केक लेने जा रहा था अंबिका, एक सप्ताह पहले ही चेन्नई से आया था घर

दोस्त का बर्थडे मनाने के लिए केक लेने जा रहा था अंबिका, एक सप्ताह पहले ही चेन्नई से आया था घर औरंगाबाद ग्रामीण. औरंगाबाद में दो बाइकों की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी. घटना ओबरा थाना क्षेत्र के गिरा गांव के समीप खरांटी -महुआवां पथ की है. मृतक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के झुकलाही गांव निवासी चुन्नू पासवान के पुत्र 20 वर्षीय अंबिका कुमार के रूप में की गयी. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वह अपने बहनोई तथा गांव के ही एक दोस्त के साथ ओबरा बाजार जा रहा था. इस दौरान उक्त स्थल पर उसके बाइक की टक्कर विपरीत दिशा की ओर से आ रहे दूसरे बाइक से हो गयी. घटना में दोनों बाइकों पर सवार कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए ओबरा स्थित सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंबिका की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में कुछ ही देर के इलाज के बाद उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना पर सदर अस्पताल पहुंचे परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे. सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के चाचा नरेश पासवान ने बताया कि उसका भतीजा चेन्नई के निजी कंपनी में मजदूरी का काम करता था.वह अपने पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था. अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी. एक सप्ताह पहले ही चेन्नई से घर लौटा था. गुरुवार को नये वर्ष के अवसर पर घर में जश्न का माहौल था. गांव के ही रहने वाले अंबिका के एक दोस्त का जन्मदिन था. दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए वह दूसरे दोस्त तथा अपने सगे बहनोई के साथ बाइक पर सवार होकर ओबरा बाजार जा रहा था. इस दौरान दुर्घटना का शिकार हो गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. इधर, घटना की सूचना पर नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची तथा शव को अपने कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >