डीएम ने सहयोग शिविर की तैयारियों का लिया जायजा, समय पर निष्पादन के दिए निर्देश

19 मई से शुरू होंगे पंचायत स्तरीय शिविर, 30 दिन पहले से आवेदन लेने की व्यवस्था

19 मई से शुरू होंगे पंचायत स्तरीय शिविर, 30 दिन पहले से आवेदन लेने की व्यवस्था प्रतिनिधि, औरंगाबाद शहर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने गोह प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन डेहुरी के समीप आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों, आवेदन प्राप्ति और निष्पादन की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया. मुख्य सचिव के निर्देशानुसार आम लोगों की शिकायतों के सुलभ प्राप्ति और त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाने हैं. इसके तहत हर शिविर से कम-से-कम 30 दिन पहले से आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. जिलाधिकारी ने शिविर से पूर्व आवेदन प्राप्ति व्यवस्था का औचक निरीक्षण करते हुए प्रतिनियुक्त कर्मियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की स्थिति का अवलोकन किया. उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन शिविर तिथि से पूर्व सुनिश्चित किया जाये. विशेष रूप से राजस्व और न्यायालय से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर दिया गया. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिविर के दिन लंबित और निष्पादित मामलों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए तथा आवेदकों को लिखित जानकारी उपलब्ध करायी जाये. साथ ही जीविका दीदियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से घर-घर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें. जिले में 19 मई से शुरू होने वाले सहयोग शिविर के लिए पंचायतवार रोस्टर तैयार कर संबंधित पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. चयनित पंचायतों में औरंगाबाद प्रखंड के फेसर व खैरा मिर्जा, बारुण के धमनी, देव के हसौली, मदनपुर के सलेया, कुटुंबा के रिसियप, नवीनगर के टंडवा, ओबरा के डिहरी, दाउदनगर के तरारी, गोह के डेहुरी, हसपुरा के अहियापुर तथा रफीगंज के मेटनिया पंचायत शामिल है. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दाउदनगर अमित राजन, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश प्रकाश, निदेशक डीआरडीए अनुपम कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी गोह, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी गोह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUDHIR KUMAR SINGH

SUDHIR KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >