अपराध नियंत्रण से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक के लिए एक्शन प्लान तय क्राइम मीटिंग में एसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश प्रतिनिधि, औरंगाबाद कार्यालय. जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन व विधि-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी हुई. इसमें जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष व विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे. इस गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थानों के पिछले माह के कार्यों और उपलब्धियों की बिंदुवार समीक्षा की. इस क्रम में अपराध नियंत्रण की स्थिति, गिरफ्तारी अभियान, लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई, इश्तिहार तामिला तथा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. जिन थानों में लंबित मामलों की संख्या अधिक पायी गयी, वहां के पदाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों को फटकार लगायी. बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाये रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें. फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाये. साथ ही शराब तस्करी, अवैध खनन, साइबर अपराध व असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है. गोष्ठी के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष चर्चा हुई. पुलिस पदाधिकारी रहें सतर्क पुलिस अधीक्षक ने शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देख यातायात व्यवस्था को सुचारू व व्यवस्थित रखने के निर्देश दिये. चौक-चौराहों पर नियमित जांच अभियान चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट जांच को सख्ती से लागू करने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही. इसके अलावे आगामी त्योहारों व विशेष आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया. टीम भावना के साथ काम करें संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, रात्रि पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया. बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने का निर्देश दिया. बैठक में सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय, चंदन कुमार, दाउदनगर एसडीपीओ अशोक दास, नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार, मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार समेत सभी थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे.
कानून व्यवस्था को मजबूत बनाये रखना पुलिस की प्रथम जिम्मेदारी
अपराध नियंत्रण से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक के लिए एक्शन प्लान तय
