अंबा.
पति व ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर एक विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरा गांव की है. मृतका अंजली कुमारी (20 वर्ष) देवरा गांव निवासी मंटू भुइयां की पत्नी थी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजलि और उसके पति के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था. छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा आम बात हो गयी थी. विवाद के बाद अंजलि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरारघटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी मृतका के मायके पक्ष को दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बेटी की स्थिति देख कोहराम मच गया. मायके वालों ने इसकी सूचना अंबा थाना की पुलिस को दी. जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो अंजलि का शव घर के आंगन में पड़ा हुआ था, जबकि ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.चार वर्ष पूर्व हुई थी शादीमृतका की मां गया जिले के डुमरिया गांव निवासी अशवा देवी ने बताया कि चार वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से बेटी की शादी मंटू भुइयां से हुई थी. शादी के बाद से ही मंटू अक्सर शराब के नशे में अंजलि के साथ मारपीट और उसे प्रताड़ित करता था. इसी मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठाया.
आरोपित पति हुआ गिरफ्तारमृतका की मां के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पति मंटू भुइयां को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है. अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है.