औरंगाबाद : बांस के सहारे बिजली तार बांधते समय लगा करंट, 28 वर्षीय युवक की मौत

औरंगाबाद शहर के टिकरी रोड स्थित एक मकान में काम करने के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय मजदूर मिथिलेश कुमार यादव की मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल में परिजनों और मकान मालिक के बीच बहस हुई, वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

औरंगाबाद शहर के शाहपुर मुहल्ला स्थित टिकरी रोड में एक घर में काम करने के दौरान बिजली करेंट की चपेट में आने से एक 28 वर्षीय मजदूर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान रिसियप थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी लक्ष्मण यादव के पुत्र मिथिलेश कुमार यादव के रूप में हुई है.

घटना रविवार की दोपहर की है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि रविवार की सुबह मिथिलेश अपने घर से मजदूरी करने निकला था. वह टिकरी रोड स्थित एक मकान में मजदूरी कर रहा था.

घटना का विवरण और कारण

मकान मालिक कामेश्वर प्रसाद ने बताया कि मिथिलेश रविवार को काम पर देर से पहुंचा. उसने बताया कि मजदूरी पर आने के दौरान रास्ते में दुर्घटना हो गयी थी, इसीलिए देर हो गया. इसके बावजूद भी कामेश्वर ने मजदूरी करने से मना कर दिया और वे कहीं निकल गए.

इसी दौरान मिथिलेश पत्नी के पास जाकर चाबी मांगा और काम करने लगा. उस मकान में पोल पर से जो तार आया था वह काम में बाधा उत्पन्न कर रहा था तो मिथिलेश ने उसे अलग करके बांस के सहारे बांध रहा था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया. इसी दौरान करेंट की चपेट में आकर वह मूर्छित हो गया.

अस्पताल में मौत और परिजनों का हंगामा

इसके बाद उसे उठाकर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां के डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इधर सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया.

इसके बाद मकान मालिक ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी. सूचना पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव से लिपटकर चीत्कार उठे. वैसे परिजनों ने मकान मालिक व एक ठेकेदार पर आरोप भी लगा रहे हैं. मामले को लेकर सदर अस्पताल में कुछ देर तक मकान मालिक व परिजन के बीच बहसबाजी भी हुई.

मृतक का परिवार और पृष्ठभूमि

परिजनों ने बताया कि मृतक मिथिलेश दो भाई में छोटा था. उसके एक बेटा व एक बेटी है. घटना के बाद से पत्नी तनु कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है. मिथिलेश अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़कर चला गया.

पुलिस कार्रवाई और बयान

इधर घटना के बाद नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत शव का पोस्टमार्टम कराया. नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि टिकरी रोड में करेंट से मजदूर की मौत की जानकारी मिली है.

पोस्टमार्टम के लिए पुलिस बल को भेजा गया है. शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को भेज दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज सिंघम

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >