गणेशोत्सव को लेकर दाउदनगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में गणेश पूजा समितियों के सदस्यों, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर चर्चा की गई.
बैठक में प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों ने पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. बैठक में एसडीओ अमित राजन, एसडीपीओ चंद्रभूषण एवं पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. बैठक का संचालन थानाध्यक्ष विकास कुमार ने किया.
चार स्थानों पर स्थापित होंगी प्रतिमाएं
बैठक में बताया गया कि दाउदनगर शहर में चार स्थानों पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए हैं. नगर पर्षद कार्यालय रोड में एकता संघ, शुक बाजार में श्री श्री गणेश पूजा समिति, बाबा बिहारी दास संघत के पास जय बजरंग पूजा समिति तथा कूचा गली में महाकाल गणेशोत्सव समिति द्वारा 14 से 22 सितंबर तक गणेशोत्सव मनाया जा रहा है.
इस दौरान विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की जाएगी. सोमवार को जलभरी यात्रा निकाली जाएगी. सूर्यमंदिर तालाब से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जलभरी की जाएगी. इसके बाद पूजा-पाठ एवं रात्रि में महाआरती का आयोजन होगा. 22 सितंबर को दो पूजा समितियों द्वारा भंडारा आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई. 23 सितंबर को नगर शोभायात्रा निकालकर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन पटना मेन कैनाल (नहर) में किया जाएगा.
लाइसेंस और नियम
पुलिस पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि गणेशोत्सव के दौरान जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है. लाइसेंस की शर्तों एवं सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का हर हाल में पालन करना होगा.
डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा. पूजा समितियों से कहा गया कि वे निर्धारित नियमों के अनुरूप ही कार्यक्रम आयोजित करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें. 23 सितंबर को दोपहर दो बजे तक नगर शोभायात्रा निकालने की अपील की गई.
अधिकारियों ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विसर्जन प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार संपन्न हो सके. पूजा समितियों को पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का भी निर्देश दिया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे.
पुलिस की अपील
एसडीपीओ चंद्रभूषण ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर पुलिस को तत्काल जानकारी दें. पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं उपस्थित लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
उपस्थित गणमान्य लोग
मौके पर जिला पार्षद अमरेंद्र उर्फ अरविंद यादव, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता डॉ. संजय कुमार सिंह, मुन्ना अजीज, अश्विनी कुमार तिवारी, संजय कुमार सिन्हा, आरपी यादव, हाफिज खुर्शीद आलम, सफदर हयात, श्याम कुमार पाठक, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सर्राफ, अटल बिहारी वाजपेयी, सियाराम सिंह, कृष्णा केसरी, प्रशांत कुमार तांती, जगदीश नारायण सिंह, रवि पांडेय, डॉ. दिनेश वर्मा, सुशील कुमार, युवराज पांडेय, मृत्युंजय सिंह, अनूप मनोहर के अलावा विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे.