नये साल की खुशियों में लगा ग्रहण, सड़क दुर्घटना में दो गंभीर
हरिहरगंज की ओर से दो बाइकों पर सवार होकर लौट रहे थे एक ही गांव के पांच युवकअंबा. नव वर्ष का जश्न मना कर लौट रहे 18 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. जबकि दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. मृतक की पहचान रफीगंज थाना क्षेत्र के राजा बिगहा गांव निवासी सुखेंद्र यादव के पुत्र पवन कुमार के रूप में की गयी है. घायलों में रामजी यादव का पुत्र सोनू कुमार (15) व शंभू यादव का पुत्र निरंजन कुमार शामिल हैं. मृतक व दोनों घायल एक ही गांव के निवासी बताये जा रहे हैं. घटना कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-139 पर शिव शक्ति लाइन होटल, हरदता गांव के समीप गुरुवार की देर रात हुई. जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर झारखंड की ओर से लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गयी. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही अंबा व कुटुंबा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए तत्काल कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान पवन कुमार की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और बिना पोस्टमार्टम कराये ही शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गये. वहीं, दोनों अन्य घायलों का सदर अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. इस संबंध में कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान अली ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल भेजा गया. बाइक चालक पवन कुमार की मौत की जानकारी मिली है. पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
नये साल के जश्न के लिए निकले थे पांच दोस्त
दुर्घटना की सूचना पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे. ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार को नये साल के अवसर पर गांव के ही पांच दोस्त घूमने के लिए निकले थे. पवन, निरंजन व सोनू एक बाइक पर सवार थे, जबकि उनके दो अन्य दोस्त दूसरी बाइक पर थे. सभी ने घर से निकलकर पहले देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद वे हरिहरगंज घूमने चले गये. देर रात लौटने के दौरान यह हादसा हो गया.
पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था पवन
पवन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. जानकारी के अनुसार, पवन अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था. बताया जा रहा है कि ट्रक का ईंधन खत्म हो जाने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था, जिससे यह दुर्घटना हुई.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
