दीपोत्सव मनाने की अपील, आज होगी गंगा आरती, महोत्सव की तैयारी पूरी

प्रखंड कार्यालय मैदान को भव्य एवं आकर्षक तरीके से सजाया गया

प्रखंड कार्यालय मैदान को भव्य एवं आकर्षक तरीके से सजाया गया

दाउदनगर. पहली बार मनाये जा रहे दाउदनगर महोत्सव की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. आयोजन स्थल प्रखंड कार्यालय मैदान को भव्य एवं आकर्षक तरीके से सजाया गया है. मौलाबाग ब्लॉक मोड़ सहित कई स्थानों पर तोरण द्वार लगाये गये हैं. दाउदनगर महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग व बैनर लगाया गया है. महोत्सव को लेकर शहर में महोत्सव कमेटी के सदस्यों द्वारा नगर भ्रमण किया गया. स्थानीय दुकानदारो एवं गृह स्वामियों के बीच मिट्टी के दीपक का वितरण किया गया और लोगों से अपील की गई कि महोत्सव की पूर्व संध्या पर यानी शनिवार की शाम अपने-अपने घरों की छतों एवं घरों के बाहर कम से कम पांच-पांच दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाएं. शनिवार की शाम मौलाबाग स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर तालाब पर गंगा आरती का आयोजन भी किया गया है. इस नगर भ्रमण में महोत्सव कमिटी के अध्यक्ष डॉ संजय कुमार सिंह ,सचिव प्रहलाद प्रसाद, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश,आरपी सिंह, युवराज पांडेय, संजय कुमार सिन्हा,कमाल खान, संदीप कुमार तांती, वार्ड पार्षद बसंत कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत कुमार तांती ,अधिवक्ता मृत्युंजय कुमार, संयोजक राजेश्वर प्रसाद सिंह, सह संयोजक द्वारिका प्रसाद उर्फ गुरुजी ,संरक्षक पूर्व मुख्य पार्षद परमानंद प्रसाद ,सत्येंद्र कुमार, अरुण श्रीवास्तव आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे. नगर भ्रमण में शामिल सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने शहरवासियों से शनिवार को दीपोत्सव मनाने की अपील की. दीपक का वितरण किया गया. सचिव ने बताया कि लगभग 10 हजार दीपक का वितरण किया गया है.

भव्य व ऐतिहासिक होगा कार्यक्रम

महोत्सव कमेटी के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन यानी चार जनवरी को दाउदनगर के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल दाउद खां किला के पास से शोभायात्रा निकाली जायेगी, जो दाउदनगर बाजार होते हुए प्रखंड कार्यालय मैदान तक जायेगी. झंडोत्तोलन एवं राष्ट्रगान के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी. रंगोली प्रतियोगिता, विज्ञान प्रदर्शनी एवं जिउतिया पर पेंटिंग, प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम के उद्घाटन के उपरांत स्वागत गान स्वागत सम्मान सहित अन्य कार्यक्रम होंगे. दाउदनगर के गौरवशाली इतिहास और वर्तमान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा. इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा. विद्यालीय एवं स्थानीय कलाकारों तथा अतिथि कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी. शाम में कवि सम्मेलन सह मुशायरा का आयोजन किया जाएगा .महोत्सव के दूसरे दिन यानि सोमवार को मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन होगा. डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जायेगा. सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया जायेगा. इस आयोजन की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >