टीम ने सोनतटीय क्षेत्र स्थित काली घाट पर बने आयोजन स्थल का किया निरीक्षण दाउदनगर. 14 जनवरी को प्रस्तावित मकर संक्रांति महोत्सव (पतंगोत्सव) की प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गयी है. एसडीओ अमित राजन के निर्देश पर बीडीओ मो जफर इमाम व सीओ शैलेंद्र कुमार यादव ने नगर पर्षद की टीम के साथ सोनतटीय क्षेत्र स्थित काली घाट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान आयोजन स्थल की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया. आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी प्राप्त की गयी. पतंगोत्सव के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से समीक्षा की गयी. वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिह्नित किये जायेंगे, ताकि आयोजन के दिन यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे और जाम की समस्या उत्पन्न नहीं हो. पार्किंग स्थल से आयोजन स्थल तक लोगों का आवागमन सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर चर्चा की गयी. सोन नदी काली घाट की भौगोलिक स्थिति प्रवेश व निकास मार्ग, सोन नदी तट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के उपायों पर चर्चा की गयी. पदाधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जायेगी. आवश्यकतानुसार बैरकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, स्वयंसेवकों एवं पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. नप की टीम को साफ सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, कचरा प्रबंधन, पेयजल सुविधा, अस्थाई शौचालय और पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया. पदाधिकारियों ने कहा कि महोत्सव के दौरान आम लोगों को किसी भी तरह की असुविधा होनी नहीं चाहिए. निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जायेगी, ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. मौके पर नगर पर्षद के सिटी मैनेजर ओम प्रकाश,अमीन अनवर फहीम,किसान सलाहकार आलोक टंडन प्रमुख रूप से उपस्थित थे. पतंगोत्सव के दौरान आसमान में रंग-बिरंगी पतंगे उड़ायी जायेगी. विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा. इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है. जल्द ही इस संबंध में अनुमंडल प्रशासन द्वारा बैठक भी आयोजित की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
