औरंगाबाद नगर : शहर के गेट स्कूल के खेल मैदान में तीन दिवसीय मोदी फेस्ट कार्यक्रम का उद्घाटन शुक्रवार को उतरप्रदेश सरकार की मंत्री स्वाति सिंह, सांसद सुशील कुमार सिंह ने फीता काट कर व दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि जब तीन वर्ष पहले भाजपा की सरकार बनी थी और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे तो देश के जनता ने नहीं सोचा था कि भारत बदलेगा, लेकिन आज नरेंद्र मोदी ने भारत की तसवीर बदल कर रख दी है. प्रधानमंत्री मोदी की चर्चा देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी हो रही है. वह दुनिया के बिग बॉस हैं. मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति के कंधे पर हाथ रखकर भारत को पहचान पूरे विश्व में दिला दी.
ट्रंप ने चुनाव से पहले मोदी की तारीफ की थी: मंत्री ने कहा कि अमेरिका में जब राष्ट्रपति का चुनाव हो रहा था तो ट्रंप ने यह कहकर वोट मांगे थे कि जिस तरह भारत में नरेंद्र मोदी काम कर रहे हैं, उसी तरह वह अमेरिका में काम करेंगे.
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर किया जा रहा है, ताकि देश की जनता जान सके कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में कौन-कौन सा काम किया है. उन्होंने कहा कि मोदी महिलाओं की आवाज बनकर आगे आये हैं. नोटबंदी पर बात करते हुए स्वाति सिंह ने कहा कि विपक्ष के लोग हल्ला कर रहे थे कि नोटबंदी नहीं बल्कि नोट बदली हुई है. श्रीमती सिंह ने कहा कि इससे आम लोगों को कोई दिक्कत नहीं हुई, दिक्कत भ्रष्टाचारियों को हुई. मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री स्वच्छता पर ध्यान दे रहे है वे स्वयं झाडू लगाते है. जात-पात धर्म से ऊपर उठ कर देश की जनता के लिए काम कर रहे हैं. यही कारण है कि यूपी की जनता ने प्रचंड बहुमत दी.
कांग्रेस ने देश को लूटा
श्रीमती सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने 60 साल तक देश को सिर्फ लूटा है. अब जब मोदी काम कर रहे हैं, तो उन्हें ये नागवार लग रहा है. मंत्री ने कहा कि जन-धन योजना के तहत 28 करोड लोगों का खाता खोला गया. गरीबों, दलितों के लिए कई तरह की योजनाएं लागू की गयीं. महिलाओं को खाना बनाने में परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए उज्ज्वला योजना के तहत फ्री में गैस कनेक्शन दिया गया. आज भारत की चर्चा चीन में हो रही है. मोदी अगले पांच वर्षों तक प्रधानमंत्री बने रहे तो भारत विश्व गुरू बनेगा.
जनता के हित में काम कर रहे मोदी : सांसद
सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता के हित में काम कर रहे हैं, इसका लाभ देश के करोड़ों लोग ले रहे हैं. मोदी ने विश्व के पटल पर भारत का नाम रोशन किया है. वह जिस देश में जाते हैं, वह मोदीमय हो जाता है. यूपीए की सरकार ने देश को बरबाद कर रख दिया था. मोदी ने विकास कर दिखा दिया कि काम कैसे होता है. परमाणु बिजली बनाने का काम भारत में हो रहा है.
खाद की कमी दूर हो गयी है. आज कोई ऐसा घर नहीं है, जहां भारत सरकार की योजना का लाभ व्यक्ति नहीं ले रहे हों. श्री सिंह ने कहा कि पहले सेना के जवानों को गोली चलाने के लिए दिल्ली से परमिशन लेना पड़ता था, लेकिन गृहमंत्री राजनाथ सिंह जवानों को छूट दे रखी है कि यदि पाकिस्तानी गोली चलाते हैं तो जवान गोली की गिनती न करें,बल्कि दुश्मन का सफाया करें. इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह,श्यामा सिंह, अश्विनी सिंह, कृष्णवल्लभ सिंह उर्फ बबुआ जी, रामानुज पांडेय,आलोक सिंह, अनिल सिंह, दशरथ मेहता, पुरुषोत्तम सिंह, अश्विनी तिवारी, सुरेंद्र प्रसाद, सुनील शर्मा, अनिल स्वामी, क्षतिज मोहन सिंह, अवध बिहारी सिन्हा व मनीष पाठक सहित कई गण्यमान्य मौजूद थे.
