किराना व्यवसायी की हत्या !

मृतक के पिता ने दर्ज करायी नामजद प्राथमिकी घटना संदेह के घेरे में पुलिस कर रही जांच औरंगाबाद/मदनपुर : मदनपुर थाना क्षेत्र के वार टोले बहेरीखाप गांव में 29 वर्षीय किराना व्यवसायी कन्हाई प्रजापति की हत्या अपराधियों ने कर दी. घटना सोमवार की रात की है. मंगलवार की सुबह कन्हाई का शव घर के समीप […]

मृतक के पिता ने दर्ज करायी नामजद प्राथमिकी
घटना संदेह के घेरे में पुलिस कर रही जांच
औरंगाबाद/मदनपुर : मदनपुर थाना क्षेत्र के वार टोले बहेरीखाप गांव में 29 वर्षीय किराना व्यवसायी कन्हाई प्रजापति की हत्या अपराधियों ने कर दी. घटना सोमवार की रात की है. मंगलवार की सुबह कन्हाई का शव घर के समीप से बरामद किया गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. आनन-फानन में मदनपुर पुलिस को सूचना मिली. इंस्पेक्टर कृष्णकांत साहनी, थानाध्यक्ष सुभाष राय दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल पर आक्रोश के स्वर भी गूंजे. आरोप गांव के ही कुछ लोगों पर ही लगा.
इस मामले में मृतक के पिता रामाशीष प्रजापति के बयान पर मदनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है, जिसमें वार गांव के जयप्रकाश उर्फ मोनू, टुनटुन सिंह उर्फ प्रणव और यादवनगरी, वार के सुशील कुमार, अजय यादव, रामचंद्र यादव तथा विनय यादव को आरोपित बनाया गया है. पिता के अनुसार पूर्व से चली आ रही भूमि विवाद को लेकर उक्त लोगों ने धमकी दी थी. मदनपुर थानाध्यक्ष सुभाष राय ने बताया कि हत्या कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है. इधर, घटना से संबंधित मिली जानकारी के अनुसार कन्हाई प्रजापत रात्रि में अपने निर्माणाधीन घर पर सोने गया था. सुबह में उसका शव घर के नीचे पीपल के पेड़ के समीप से मिला. परिजनों ने कहा कि अपराधियों ने घर के बाहर हत्या कर शव घर के नीचे फेंक दिया, ताकि यह लगे कि छत से गिर कर उसकी मौत हुई है.
सूबे में कोई सुरक्षित नहीं : किराना व्यवसायी कन्हाई प्रजापत की हत्या की खबर सुन कर औरंगाबाद सांसद सुशील कुमार सिंह घटनास्थल पहुंचे और परिजनों से मिल कर उन्हें ढाढ़स बंधाया. सांसद घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई तक साथ रहे. इस दौरान मृतक के पिता को आश्वस्त किया कि उनके साथ हर हाल में न्याय होगा और अपराधी बख्शे नहीं जायेंगे.
सांसद ने वार गांव में पूर्व में हुए हत्या की कई घटनाओं पर पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया और एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की.
पिता ने कहा जिला पार्षद ने बेटे की करायी हत्या : सदर अस्पताल में कन्हाई प्रजापत का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया. यहां मीडिया व सांसद सुशील कुमार सिंह को देखते ही मृतक के पिता रामाशीष प्रजापत ने चीख-चीख कर कहा कि उनके बेटे को जिला पार्षद शंकर यादव ने मरवाया है. भगवान इंसाफ करेगा. हालांकि, पास की खड़े जिला पार्षद शंकर यादव से पूछा गया, तो उन्होंने मृतक के पिता के आरोप को बेबुनियाद बताया और कहा कि यह राजनीतिक साजिश है. पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन करे और जो दोषी है, उस पर जल्द कार्रवाई करे. इस दौरान सदर अस्पताल में थोड़े देर के लिए हंगामे का दौर भी चला.
आंदोलन की चेतावनी : लोजपा के वरिष्ठ नेता व मगध प्रमंडल प्रभारी प्रमोद सिंह ने कहा है कि कन्हाई प्रजापति की हत्या का कारण स्पष्ट हो चुका है़ जमीन विवाद का कारण सामने आ रहा है़ पुलिस इसकी निष्पक्षता से जांच करें, जांच के क्रम में जो भी दोषी पाये जाये उस पर कठोर कार्रवाई हो़ श्री सिंह ने पुलिस अधीक्षक से स्वयं जांच करने का अनुरोध किया है़ उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध के मुद्दे पर लोजपा आंदोलन करेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >