औरंगाबाद नगर : विश्व थैलेसीमिया दिवस पर सोमवार को 13 बिहार बटालियन एनसीसी कैडेटों द्वारा शहर में जागरूकता रैली निकाली गयी. इस दौरान 13 बिहार बटालियन के सूबेदार मेजर मुन्ना ओरांव के नेतृत्व में बटालियन परिसर में दर्जनों कैडेट एकत्रित हुए और थैलसीमिया के बारे में चर्चा की. इसके बाद शहर भ्रमण के लिए एक रैली निकाली गयी. इस दौरान एनसीसी कैडेटों ने तख्ती के माध्यम से इस रोग के बारे में लोगों को जागरूक किया. थैलिसीमिया एक अनुवांशिक रक्त रोग है.
इस रोग के कारण हीमोग्लोबिन निर्माण कार्य में गड़बड़ी होती है व व्यक्ति को बार-बार रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है. यह रोग माता-पिता या दोनों के जीन की गड़बड़ी से होता है. जागरूकता रैली के माध्यम से इस रोग से बचाव व होनेवाले लक्षणों के बारे में भी जानकारी दी. रैली एनसीसी कार्यालय से निकल कर शहर को भ्रमण करते हुए गांधी मैदान पहुंची और फिर पुन: वापस लौट कर एक सभा में तब्दील हो गयी. यहां उपस्थित अधिकारियों व एनसीसी कैडेटों ने शपथ ली कि जरूरत पड़ने पर लोगों को रक्त देकर जान बचायेंगे.
