नाली के ऊपर डाली गयी पटिया टूटने से राह चलना हुआ खतरनाक
औरंगाबाद सदर : नगर पर्षद के संवेदकों और पार्षदों के कार्यों को लोग कभी नहीं भूल सकते. इनके काम ही ऐसे हैं, जिसे देख लोग हमेशा इनके बारे में चर्चा करते रहते हैं. अब यह अलग बात है कि यह चर्चा इनके घटिया काम की वजह से होती है. शहर के विभिन्न वार्डों में नगर पर्षद द्वारा बनी सड़कों का हाल कुछ ऐसा ही है. कई सड़कें बनने के साथ ही कुछ ही दिनों में टूट भी गयी हैं.
नगर पर्षद क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 व 30 के अंतर्गत आनेवाले धरनीधर रोड में सड़क के बीचोबीच नाली बनी थी, जिसे बने हुए अभी ठीक से दो-चार वर्ष भी नहीं बीते थे कि उस पर डाली गयी पटिया ध्वस्त हो गयी. अब आलम यह है कि सड़क के बीचोबीच बनी नाली के पटिये टूट जाने से रोज उसमें कोई न कोई गिर रहा है. यही हाल वार्ड 10 का भी है.
पोस्टमार्टम हाउस के समीप सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी है. स्थानीय लोग कहते हैं कि सड़क बनाते वक्त गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण नाली व सड़क साथ-साथ टूट कर बिखर गयी है. वहीं वार्ड 17 में डाॅ वसीम की गली में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है, जहां छह माह पूर्व बनी सड़क के बीच नाली पर रखा पटिया ध्वस्त हो चुका है और दुर्घटना का कारण बन रहा है.
