डेहरी सदर: गरमी के शुरुआती दौर में ही बिजली की आंख मिचौली शुरू होने लगी है. कई उपकरण भी जवाब देने लगे है. मंगलवार को बीएमपी उपकेंद्र में विभिन्न फीडरों को ऑपरेट करने के लिये लगाये गये डीसी चार्जर में अचानक खराबी आ गयी. चार्जर फेल होने से उक्त उपकेंद्र से विभिन्न फीडरों में सप्लाइ बाधित हो गयी. उपकेंद्र में अचानक आयी इस खराबी से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली के लिए हाहाकार मचा रहा. इस कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी झेलना पड़ी. पानी के लिए लोगों को काफी दिक्कत हुई. हालांकि, सूचना पा कर पहुंची एमआरटी की टीम कार्यपालक अभियान, सहायक अभियंता व जेई ने घंटों मशक्कत के बाद चार्जर को दुरूस्त किया. लेकिन, बैटरी पूरी तरह चार्ज नहीं होने से फीडरों में बिजली आपूर्ति कई घंटे बाद चालू हुआ.
उपकेंद्र के मेंटेनेंस पर उठ रहे सवाल: बिजली विभाग द्वारा उपकेंद्र में उपभोक्ताओं तक निर्वाद्ध बिजली देने के लिए कई तरह के उपकरण लगाये गये हैं. लेकिन, समय से उपकरणों के मेंटेनेंस पर अधिकारी ध्यान नहीं देते. इसके कारण उपभोक्ताओं को इसका खमियाजा भुगतना पड़ रहा है.
सुबह नौ बजे से दो बजे तक ठप रही आपूर्ति
उपकेंद्र में बैटरी का चार्जर नहीं होने से पहले शहर के स्टेशन रोड में 11 हजार वोल्ट का तार टूटने से फीडर डेहरी वन में सुबह से बिजली आपूर्ति ठप थी. चार्जर फेल होने से लगभग सुबह नौ बजे से दो बजे तक डेहरी वन, डेहरी दो, डालमियानगर, डिलिया, हाइडल, रामगढ़, लक्ष्मण बिगहा, फीडरों में 11 हजार वोल्ट का बिजली आपूर्ति ठप थी.
उपभोक्ताओं को सताने लगी चिंता
उपभोक्ता वीरेंद्र कुमार, अरुण शर्मा, संजय कुमार, अजय ओझा, मिथिलेश कुमार ने कहा कि उपकेंद्र में लगे उपकरणों का मेंटेनेंस समय से नहीं किये जाने के कारण ही उसमें खराबी आती है. बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों के दिनचार्या पर असर पड़ रहा है. कई घरों में लोगों को पानी के लिए िबजली का इंतजार करना पड़ रहा है.
बोले अधिकारी
कार्यपालक अभियंता संजय कुमार शर्मा ने कहा कि बीएमपी उपकेंद्र में जिस कंपनी द्वारा चार्जर लगाया गया है. उसे खराब चार्जर को दुरूस्त करने के लिए सूचना दी गयी है. अभी फिलहाल में दूसरे चार्जर से बैटरी को चार्ज किया जा रहा है, ताकि निर्वाद्ध बिजली मिल सके.
