चुनौती. भाकपा माओवादी ने जारी किया बदला लेने का फरमान
नक्सलियों के मंसूबे होंगे ध्वस्त : एसपी
औरंगाबाद शहर : अपने साथियों को मारे जाने के बाद भाकपा माओवादी नक्सली संगठन ने 10 अप्रैल को औरंगाबाद सहित चार जिले में बंद की घोषणा की है. इस दौरान देव के शहरी व ग्रामीण इलाकों में पोस्टर चिपका कर अपने मंसूबे भी जाहिर कर दी है. बंद से कुछ जरूरी चीजों पर संगठन द्वारा छूट दी गयी है, लेकिन बंद को लेकर जिले में अलग तरह का माहौल दिख रहा है. देव के शहरी व ग्रामीण इलाकों में पोस्टर चिपका कर नक्सली संगठन ने पड़रिया व चेता बिगहा गांव के छह लोगों को चिह्नित कर जन अदालत में सजा देने का आह्वान किया है. इस आह्वान के बाद खास कर देव, ढिबरा, कुटुंबा, मदनपुर के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है.
अनहोनी की आशंका से लोग सहम गये हैं. हालांकि जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया है. एसपी डाॅ सत्यप्रकाश ने कहा कि नक्सलियों के हर मंसूबे को ध्वस्त किया जायेगा. नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती भी की गयी है. बंद का कोई असर नहीं दिखेगा. इधर सूत्रों से पता चला कि पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना के सीता चुआं जंगल में मारे गये अपने साथियों का बदला लेने का एलान माओवादियों ने किया है. पुलिस व टीपीसी गंठजोड़ को ध्वस्त करने की योजना माओवादी संगठन बना रही है.
पोस्टरबाजी से दहशत
हाल के दिनों में जिस तरह से नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ पुलिस ने अपना आक्रामक रूख दिखाया है, इससे नक्सलियों के मनोबल में कमी आयी है. नक्सलियों पर पुलिस भारी रही है और उन्हें नुकसान भी उठाना पड़ा है. यही कारण है कि पुलिस की चुनौती को हर हाल में नक्सली संगठन ध्वस्त करने की तैयारी में हैं
, लेकिन पुलिस कप्तान ने भी स्पष्ट कहा है कि हम उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने देंगे. एक माह की बात की जाये, तो कुटुंबा व देव के इलाके में कई बार पोस्टर चिपका कर नक्सलियों ने अपना रूख स्पष्ट किया है.
