नवीनगर : स्थानीय शहर नवीनगर के दो वार्डों मे एक ही रात दो घरों में बीती रात चोरी की घटना घटी है. दोनों घरों में कोई नहीं था, जिसका फायदा चोरों ने उठाया और बड़े आराम से ताला तोड़ घर में घुस गये और कीमती जेवरात समेत नकद रुपये उड़ा ले गये. वार्ड 11 में गैस गोदाम के समीप आदर्शनगर स्थित बिरजा सिंह के घर का ताला तोड़ कर 25 हजार नकद समेत लाखों के आभूषण चुरा ले गये. घर के सभी लोग चैतनवमी की पूजा के लिए पैतृक गांव चिरैली पोखराहा गये थे .
वहीं, वार्ड 12 स्थित बसन बिगहा मोड़ मीडियाकर्मी गजेंद्र कुमार सिंह के आवास का मुख्य गेट का ताला तोड़ कर हजारों का सामान ले उड़े. पैतृक गांव कांडी से लौटने के बाद परिवार को इसकी जानकारी मिली. तत्काल इसकी सूचना नवीनगर थाने को दी गयी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की.
