होली के हुड़दंग में कई जगहों पर मारपीट, एफआइआर दर्ज
औरंगाबाद शहर : रंगों के त्योहार होली के दौरान कई जगहों पर मामूली सी बात को लेकर मारपीट की घटनाएं घटीं, जिसमें दर्जनों लोग जख्मी हुए. अधिकांश का इलाज सरकारी अस्पतालों में किया गया और कई लोगों का इलाज अब भी चल रहा है. बारुण थाना क्षेत्र के मौआर खैरा गांव में मामूली विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़ गये. कई लोगों को चोट लगी. चंद्रमा पासवान सहित दो-तीन लोगों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया. मदनपुर थाना क्षेत्र के सिरौंधा गांव में अंडा खाने के बाद पैसा के विवाद में दो पक्षों के बीच जम कर मारपीट हुई.
इस घटना में कामेश्वर भुइंया, संजू देवी, चंद्रावती देवी, अनिल भुइंया, पंकज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अर्जुन यादव, बालकेश्वर, लल्लू सहित 12 से 13 लोग जख्मी हुए. कुछ लोगों का इलाज मदनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया, तो कुछ लोगों का सदर अस्पताल में. घटना की सूचना मदनपुर पुलिस को मिली. थानाध्यक्ष सुभाष राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. औरंगाबाद शहर के फार्म एरिया के नजदीक एक युवक की कुछ लोगों ने जम कर पिटाई की. मारपीट में जख्मी हुए सुरेश कुमार का इलाज शहर के ही एक निजी क्लिनिक में किया गया. इसके अलावे जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मारपीट की घटना घटी है. हालांकि, मारपीट की इन घटनाओं को छोड़ दिया जाये, तो होली का त्योहार औरंगाबाद जिले के लिए इस बार बेहतर साबित हुआ है.
निगरानी के बावजूद शराब की हुई बिक्री, पीनेवालों ने लगाये ठुमके : शराबबंदी और पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद शहर से लेकर गांव तक शराब के शौकीनों की बहार रही. खरीदी से तीन गुने दाम पर पीनेवालों के पास शराब पहुंची और उसका आनंद लेते हुए होली में ठुमके भी लगाये. ये अलग बात है कि पीने और पिलाने का तौर तरीका बदला-बदला नजर आया. गांवों की पगडंडियों से घरों तक शराब पहुंची. ताड़ी पीनेवालों का जमघट देखते बन रहा था. जिन गांवों में शराबियों को शराब नहीं मिली, वहां लोगों ने ताड़ी से होली का आनंद लिया.
