दोनों घटनास्थलों के बीच महज दो सौ गज की दूरी
बाइक चोर गिरोह ने पुलिस को दी बड़ी चुनौती
औरंगाबाद शहर : औरंगाबाद शहर से चोरों ने एक ही समय दो बाइकों की चोरी कर नगर थाना पुलिस को बड़ा झटका दिया है.दो फरवरी की शाम महाराजगंज रोड में स्थित मिठाई दुकान कान्हा स्वीट्स के समीप रंधीर कुमार का पैशन प्रो बाइक बीआर 1 ए डब्ल्यू-4077 चुरा ली गयी. ठीक 200 गज दूर दक्षिण रामाबांध बस स्टैंड के समीप एक जिम सेंटर से पल्सर बाइक बीआर 26 एफ-4516 की भी चोरी कर ली गयी. इस मामले में पैशन प्रो बाइक के मालिक व लक्ष्मण मुहल्ला नागा बिगहा निवासी रंधीर कुमार के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
इसी प्राथमिकी में खुदवां थाना क्षेत्र के बड़पिसाय गांव के रजनीश कुमार की चोरी गयी पल्सर बाइक का भी जिक्र किया गया है. यानी एक ही प्राथमिकी में चोरी के दोनों मामले अंकित किये गये है. इधर, चोरी की इन दोनों घटनाओं के बाद एक बार फिर शहर में बाइक चोरों ने फिर से दस्तक दे दी है. इधर, कई दिनों से चोरी की घटनाओं पर बहुत हद तक लगाम लगी थी, लेकिन महज 200 गज के भीतर दो बाइक चुरा कर पुलिस को एक बार फिर चुनौती दी है.
