सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभुकों की बढ़ी परेशानी
दाउदनगर अनुमंडल : सरकार द्वारा गरीबों व असहायों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन इसलिए दी जाती है कि उन गरीबों की आवश्यक जरूरतें पूरी हो सकें. लेकिन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के कई लाभुकों के खाते में नहीं जा पाने के कारण वे इसकी शिकायत लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंच रहे हैं. प्रखंड के सोनी गांव निवासी रामचंद्र राम व इनकी पत्नी दुलरिया देवी, बसन बिगहा निवासी भुनेश्वर भुइंया व इनकी पत्नी भुंजी देवी, अगनी टोला रामनगर निवासी जगेश्वर यादव, भरोसी बिगहा निवासी राजगीर सिंह, बसन बिगहा निवासी मंजू देवी ने खाते में पेंशन की राशि नहीं जाने की शिकायत बीडीओ अशोक प्रसाद से की है. हालांकि, प्रखंड कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिन पेंशन लाभुकों का बैंक अकाउंट नंबर सही है, उनके खाते में मार्च से सितंबर महीने तक का पेंशन राशि चली गयी है.
दूसरी ओर नगर पंचायत, दाउदनगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के भी कई लाभुक ऐसे मिलते हैं, जिनकी शिकायत है कि उनके खाते में पेंशन की राशि नहीं गयी है.
12 हजार 28 हैं लाभुक : दाउदनगर प्रखंड में लाभुकों की संख्या 12 हजार 28 है, जिसमें से 10 हजार 388 का डाटा अपलोड कर भेजा गया है. जिन लाभुकों का डाटा सही है, उनके खाते में एनआइसी द्वारा पेंशन की राशि सात महीने की भेजी गयी है.1140 लाभुकों के अकाउंट में राशि नहीं आयी है. इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 781 व शहरी क्षेत्र के 359 लाभुक शामिल हैं.
1740 का डाटा अपलोड किया जा रहा है. 780 लाभुकों का दो व्यक्तियों का एक ही अकाउंट नंबर इंट्री हो गया है, जिसके कारण उनकी पेंशन राशि नहीं आ पायी है. 352 लाभुकों की किसी त्रुटि के कारण राशि नहीं आ पायी है.
होली में सबको है पैसे की जरूरत : होली का त्योहार नजदीक आ गया है. सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों को स्वाभाविक तौर पर पैसे की आवश्यकता होगी. करीब नौ हजार लाभुकों को तो सात महीने की पेंशन राशि मिल चुकी है. सरकारी आंकडों के मुताबिक करीब तीन हजार लाभुकों को अभी राशि नहीं मिली है.
