औरंगाबाद शहर : मदनपुर थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव में आपसी विवाद में दो पड़ोसी आपस में ही भिड़ गये. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे व तलवार चलाये गये जिसमें आठ लोगों के जख्मी होने की खबर है. मारपीट में घायल जमींदार यादव, रामू यादव, शीला देवी, विजय सिंह, रंजन रवानी व अन्य को इलाज के लिए पीएचसी मदनपुर ले जाया गया.
इनमें से जमींदार यादव की हालत गंभीर देखते हुए उसे मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया गया. पता चला कि जमींदार को गया से भी पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है. मारपीट की असल वजह क्या है, यह पता नहीं चल सका है. जानकारी के अनुसार विजय सिंह व रामू यादव के परिवार के बीच किसी बात को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था. यह विवाद बढ़ गया जिसके बाद मामला हिंसक हो गया. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया जा सका. थानाध्यक्ष सुभाष राय ने बताया कि जख्मी लोगों का इलाज चल रहा है. दोनों पक्षों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.
