औरंगाबाद शहर : औरंगाबाद में दो अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में ऑटो चालक समेत दो लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना सोमवार की रात देव रोड पर गंजेड़िया स्थान के समीप घटी. बताया जाता है कि एक अनियंत्रित ऑटो पलट गया, जिसमें देव थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी मुकेश कुमार उर्फ कुकु की मौत हो गयी. पता चला कि मुकेश अपनी बेटी के जन्मदिन में शामिल होने अनुग्रह नारायण रोड जा रहा था. सड़क पर अचानक पशु के आ जाने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. दूसरी घटना मंगलवार की शाम राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर मंजूराही गांव के समीप हुई. बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सहेया गांव निवासी 50 वर्षीय नागनाथ शर्मा की मौत एक अज्ञात वाहन से कुचल कर हो गयी.
घटना के संबंध में पता चला कि नागनाथ शर्मा औरंगाबाद शहर से बाजार कर साइकिल से अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान मंजूराही मोड़ व होटल वैष्णवी के सामने वह दुर्घटना का शिकार हो गया. घटना की खबर नागनाथ शर्मा के परिजनों तक पहुंची, तो वे रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे. इधर, घटना की खबर पाकर आसपास के गांवों के लोग भी वहां पहुंच गये व घटना के विरोध में रोड जाम कर दिया. घटना की सूचना पाकर मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे व आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की. ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये देने की घोषणा की, तब जाकर लोग शांत हुए. मुफस्सिल व देव थाने की पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया.
