देव के सूर्यकुंड से आ रही दुर्गंध

तालाब का पानी हुआ दूषित, अब दे रहा बीमारियों को न्योता सूर्यकुंड की सफाई की तरफ जिला प्रशासन व मंदिर समिति का ध्यान नहीं औरंगाबाद (ग्रामीण) : ऐतिहासिक, पौराणिक व धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण तीर्थस्थल देव का सूर्यकुंड इन दिनों बीमारियों को न्योता दे रहा है. सूर्यकुंड तालाब के पानी में गंदगी फैल गयी है. […]

तालाब का पानी हुआ दूषित, अब दे रहा बीमारियों को न्योता
सूर्यकुंड की सफाई की तरफ जिला प्रशासन व मंदिर समिति का ध्यान नहीं
औरंगाबाद (ग्रामीण) : ऐतिहासिक, पौराणिक व धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण तीर्थस्थल देव का सूर्यकुंड इन दिनों बीमारियों को न्योता दे रहा है. सूर्यकुंड तालाब के पानी में गंदगी फैल गयी है. पानी से दुर्गंध आ रही है.
इस कारण तालाब के अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा है. पानी का रंग भी बदल गया है. तालाब के चारों किनारे से पानी हरा दिखता है. इस कारण लोग पवित्र कुंड में स्नान करने से भी कतरा रहे हैं. यहां तक कि तालाब की सीढ़ियों पर बैठने से श्रद्धालु परहेज कर रहे हैं.
पवित्र सूर्यकुंड तालाब को किसी जमाने में कुष्ठ रोग सहित अन्य घातक बीमारियों के खात्मे के लिए प्रसिद्ध था. अब मलेरिया, टायफाइड, व डायरिया जैसी बीमारियों को आमंत्रण दे रहा है. आसपास के लोग देव के सूर्यकुंड की बदतर स्थिति से आक्रोश भी है. स्थानीय लोगों की मानें, तो सूर्यकुंड की पवित्रता पर जिला प्रशासन से लेकर मंदिर प्रशासन का ध्यान नहीं है.
सूर्य मंदिर न्यास समिति भी इसके रख-रखाव को लेकर गंभीर नहीं है. सच कहा जाये, तो देव पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के आस्था से खेलवाड़ किया जा रहा है. अधिकांश श्रद्धालु सूर्य कुंड तालाब के पवित्र जल में स्नान करने के बाद ही भगवान सूर्य देव का दर्शन करने मंदिर में पहुंचते हैं. लेकिन, अभी जो स्थिति उससे श्रद्धालु स्नान करने में ही डर रहे है.
गौरतलब है कि वर्ष में दो बार चैत व कार्तिक मास में छठ पर्व पर हिंदुस्तान के कोने-कोने से श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घदान करने के लिए देव पहुंचते हैं. तीन दिनों का मेला भव्य होता है. अब कार्तिक में छठ पर लगनेवाले मेले में मात्र डेढ़ माह का समय रह गया है.
सूर्य कुंड तालाब की पवित्रता को कैसे बनाये रखा जा सकता है यह एक सवाल है जिसका समाधान जल्द ढूंढ़ना होगा. समाजसेवी आलोक कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार, अशोक कुमार, उर्मिला देवी, रूपा देवी आदि लोगों ने जिला प्रशासन से देव के पवित्र सूर्यकुंड को गंदगी से मुक्त करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >